April 13, 2025 4:13 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा – सरकार पूर्वोत्तर पर विशेष ध्यान केन्द्रित करते हुए अगले दो वर्षों में राजमार्ग विकास परियोजनाओं में 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंबेडकर जयंती के अवसर पर कल हरियाणा में कई परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

  • केंद्र पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है; अतिरिक्त बल की तैनाती सहित हरसंभव सहायता का आश्वासन।

  • देश के विभिन्न हिस्सों में बैसाखी, बोहाग बिहू, पोइला बोइशाख और मेशादी के रूप में पारंपरिक फसल उत्सव मनाए जा रहे हैं।

  • राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जलियांवाला बाग के शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

  • आईपीएल क्रिकेट में, आज दोपहर जयपुर में राजस्थान रॉयल्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगे।

 

सरकार, पूर्वोत्तर और सीमावर्ती क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देते हुए अगले दो वर्षों में देशभर में राजमार्गों को सुदृढ़ बनाने के लिए दस लाख करोड़ रूपये का निवेश करेगी। एक समाचार एजेंसी को साक्षात्कार में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि केंद्र सरकार अगले दो वर्षों में देश के बुनियादी ढांचे को पूरी तरह बदलने की दिशा में कार्यरत है ताकि यह विश्व में सर्वश्रेष्ठ बन सकें। उन्होंने कहा कि सरकार पूर्वोत्तर में बुनियादी ढांचे के विस्तार के लिए परियोजनाएं ला रही है जिससे वहां की सड़कें, अमरीका की सड़कों की बराबरी कर पाएंगी। श्री गडकरी ने कहा कि दुर्गम क्षेत्र और कई देशों के साथ सीमा होने के कारण पूर्वोत्तर में सड़क संबंधी बुनियादी ढांचे का विस्तार करने की तत्काल आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि तीन लाख 70 हजार करोड़ रूपये से अधिक की अनुमानित लागत से पूर्वी राज्यों में 784 राजमार्ग परियोजनाएं कार्यान्वित की जाएगी। इसके तहत 21 हजार तीन सौ किलोमीटर क्षेत्र को कवर किया जाएगा।

 

 

श्री गडकरी ने बताया कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में सरकार इस वर्ष लगभग एक लाख करोड़ रूपये लागत की परियाजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि नागपुर में 170 करोड़ रूपये की लागत से मास रैपिड परिवहन प्रायोगिक परियोजना चलाई जा रही है। इस परियोजना में 135 सीटों वाली बस शामिल हैं जिसे गैर-प्रदूषणकारी ऊर्जा स्रोतों से चलाया जाएगा और यह बहुत किफायती भी होगी।

 

———-

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल अंबेडकर जयंती के अवसर पर हरियाणा जाएंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री मोदी हिसार से अयोध्या के बीच हवाई सेवा की शुरूआत करेंगे।

 

 

“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिसार में महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे की 4 सौ 10 करोड रुपए की लागत से बनने वाले नई टर्मिनल भवन का शिलान्यास भी करेंगे। इसके बाद श्री मोदी एक जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री यमुनानगर में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। 800 मेगा वॉट क्षमता वाली दीनबंधु छोटू राम तापी विद्युत संयंत्र की आधारशिला रखेंगे। श्री मोदी यमुनानगर के मुकरपुर में कंप्रेस्ड बायोगैस संयंत्र की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री भारत माला परियोजना के अंतर्गत 1070 करोड रुपए की लागत से बने रेवाड़ी बायपास परियोजना का उद्घाटन भी करेंगे। इससे दिल्ली नारनौल के बीच दूरी एक घंटे से कम हो जाएगी। समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।”

 

 

———-

 

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डां मनसुख मांडविया ने युवाओं से अपील की है कि वे विकसित भारत के निर्माण में योगदान के लिए, डां भीमराव आंबेडकर के समानता, न्‍याय और भाईचारे के सिद्धांतों  से प्रेरणा लें।   

 

डां मांडविया पटना के एतिहासिक गांधी मैदान में मेरा भारत से संबंधित युवाओं और स्‍वयंसेवकों को संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने कहा कि देश के युवाओं को भारतीय संविधान की भावना का सम्‍मान और अनुपालन करना चाहिए।

 

देश के युवा इस कॉन्स्टिट्यूशन के रास्ते पर आगे बढ़ के संविधान का सम्मान करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करें। इस दिशा में आज का अवसर एक प्रेरणा का अवसर है।

 

डां मांडविया ने युवाओं से अपील की कि वे पंच प्रण का पालन करें, जिनका उदघोष प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने लालकिले की प्राचीर से किया था।

 

मोदी जी ने देश के नागरिकों को पांच प्राण दिलवाते हुए कहा कि जब देश आजादी का शताब्दी वर्ष बनाता हो यानी कि देश की आजादी का 100 वर्ष पूर्ण हुआ हो तब हमें विकसित बनना है।

 

श्री मांडविया ने कहा कि एकता के साथ आगे बढ़ते हुए हमें अपनी परंपराओं में गर्व महसूस करने की आवश्‍यकता है। उन्‍होंने कहा कि कर्तव्‍य और जिम्‍मेदारी की भावना के साथ भारतीय नागरिकों को राष्‍ट्रप्रथम की धारणा पर ध्‍यान केंद्रित करना चाहिए।

 

 

———-

 

दिल्ली सरकार ने डॉ. भीमराव आम्बेडकर की जयंती के अवसर पर आज राष्ट्रीय राजधानी में वॉकथॉन का आयोजन किया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाई। इसमें हजारों बच्चों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार बाबासाहेब द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने, सभी लोगों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और समानता सुनिश्चित करने के प्रतिवचनबद्ध है।

 

दिल्ली सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि बाबा साहब के दिखाए हुए रास्ते पर उनके दिए हुए सिद्धांतों का अनुपालना करते हुए काम करें और दिल्ली के प्रत्येक नागरिक को जो उनका अधिकार है शिक्षा, स्वास्थ्य, समानता, सुरक्षा। वो सारी चीजें दिल्ली की जनता को मिले। दिल्ली सरकार के प्रत्येक स्कूल में बाबा साहब का जीवन चरित्र बच्चों को दिखाया जाए, सुनाया जाए इसकी व्यवस्थाएं की हैं।

 

 

———-

 

 

केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने आज मुंबई में आयोजित भीम पदयात्रा में भाग लिया। मेरा युवा भारत के दो हजार से अधिक स्‍वयंसेवकों ने पदयात्रा में हिस्‍सा लिया।

 

इस अवसर पर श्रीमती रक्षा खडसे ने भारत की लोकतांत्रिक विरासत पर गौरव व्‍यक्‍त करते हुए डॉ. आम्‍बेडकर की शिक्षाओं की प्रासांगिकता को रेखांकित किया।    

 

 

———-

 

बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के उपलक्ष्य में कल नई दिल्ली में संसद भवन लॉन स्थित प्रेरणा स्थल पर समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कई मंत्री, सांसद और अन्य लोगों द्वारा बाबासाहेब आंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ होगी।

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज उद्योगों के हितधारकों से स्थिरता को अपनाने और वैश्विक मानक स्थापित करने का आग्रह किया। नई दिल्ली में वाइब्रेंट बिल्डकॉन 2025 के उद्घाटन के  अवसर पर, श्री गोयल ने हितधारकों से आयात निर्भरता कम करने, स्वच्छ और हरित निर्माण पर ध्यान केंद्रित करने और भूकंपरोधी और मॉड्यूलर बुनियादी ढांचे की दिशा में काम करने को कहा।

 

श्री गोयल ने निर्माण पारिस्थितिकी तंत्र में भारत की बढ़ती ताकत, वैश्विक क्षमता केंद्रों से लेकर मेक इन इंडिया के तहत घरेलू विनिर्माण पर भी प्रकाश डाला।

 

 

———-

 

 

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद ज़िले में हुई हिंसा को देखते हुए, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने आज पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस पर बात की। पश्चिम बंगाल के डीजीपी ने जानकारी दी कि स्थिति तनावपूर्ण तो है, लेकिन नियंत्रण में है। उन्‍होंने कहा कि कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि 150 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और स्थानीय स्तर पर तैनात बीएसएफ की सहायता ली जा रही है।

 

 

केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल-सीआरपीएफ की रांची, जमशेदपुर और राजरहाट की पांच कंपनियां पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के हिंसाग्रस्‍त क्षेत्रों में तैनात करने को कहा गया है। दक्षिणी बंगाल से संबद्ध सीमा सुरक्षा बल-बीएसएफ के पुलिस महानिरीक्षक करणी सिंह शेखावत ने राज्य के वरिष्‍ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की।

 

———-

 

 

सूडान में पिछले दो दिन में विस्‍थापितों के दो शिविरों पर रैपिड सपोर्ट फोर्सेज के हमले में 114 से अधिक लोग मारे गए हैं। शुक्रवार को ज़मज़म के शिविर में सौ से अधिक लोगों की मौत हो गई, जबकि अबु शाउक शिवि‍र पर मिलिशिया के हमले में 14 लोग मारे गए।

 

———-

 

 

मध्य अफ़्रीकी देश गैबॉन में 2023 के सैन्य तख्तापलट के बाद कल पहला राष्ट्रपति चुनाव हुआ। अंतरिम राष्ट्रपति और जुंटा प्रमुख ब्राइस ओलिगुई न्गुएमा के चुनाव में आसानी से जीतने की उम्मीद है। उन्होंने राष्ट्रपति अली बोंगो ओडिम्बा को अपदस्थ करने वाले तख्तापलट का नेतृत्व किया था।

 

———-

 

 

पंजाब में लोग ‘वैसाखी’ मना रहे हैं, जबकि केरलवासी इसे ‘विशु’ कहते हैं, पश्चिम बंगाल में इसे ‘पोइला बोइशाख’ और असम में इसे ‘बोहाग बिहू’ के नाम से मनाया जाता है। तमिलनाडु में इसे ‘पुथंडू’ कहा जाता है। किसान, खास तौर पर पंजाब और हरियाणा में अच्छी फसल का उत्‍सव मना रहे हैं और आने वाले साल में समृद्धि की कामना कर रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि ये जीवंत त्यौहार लोगों को राष्ट्र के विकास के लिए प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रेरित करते हैं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि ये जीवंत फसल उत्सव भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विविधता और कृषि भावना को दर्शाते हैं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ये त्योहार सभी के जीवन में नई उम्मीद, खुशी और समृद्धि लेकर आते हैं। समाचार कक्ष से वैष्णवी।

 

 

———-

 

 

पंजाब में बैसाखी का त्‍योहार पूरे हर्षोल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है।

 

“बैसाखी का जश्न चारों तरफ है रंग-बिरंगे परिधानों में श्रद्धालुओं का सैलाब श्री आनंदपुर साहिब में गुरुद्वारा तख्त श्री केसगढ़ साहिब में नतमस्तक हो रहा है। जहां 326 वर्ष पहले आज ही के दिन खालसा पंथ की स्थापना हुई थी। श्रद्धालुओं द्वारा राज्यभर में लंगर और छबीलों का भी आयोजन किया जा रहा है। किसानों द्वारा वाहेगुरु से शरबत का भला की प्रार्थना करने के बाद अपने खेतों में खड़ी सुनहरी गेहूं की फसल की औपचारिक कटाई शुरू कर दी गई है। राष्ट्र आज उन सैंकड़ों निर्दोष भारतीयों को भी याद कर रहा है जिन्हें ब्रिटिश फौजी अधिकारी डायर ने जलियांवाला बाग में उस वक्त मार डाला था जब वे वर्ष 1919 में बैसाखी के दिन एकत्रित हुए थे। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।”

 

 

———-

 

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने जलियांवाला बाग के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति ने कहा कि जलियांवाला बाग में भारत माता के लिए मर मिटने वाले सभी स्वाधीनता सेनानियों के बलिदान से हमारे स्वाधीनता संग्राम की धारा और प्रबल हो गई थी। कृतज्ञ भारत सदैव उनका ऋणी रहेगा।

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि अत्‍याचार के विरूद्ध 13 अप्रैल, 1919 को जलियांवाला बाग हत्याकांड में शहीद हुए वीरों का बलिदान अतुलनीय है और हमारे स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अंकित है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा – आने वाली पीढ़ियां शहीदों के अदम्य साहस को हमेशा याद रखेंगी। उन्होंने इस घटना को भारत के इतिहास का एक काला अध्याय बताया।

 

 

———-

 

 

आईपीएल मै आज दो मुकाबले खेले जायेंगे, दोपहर साढ़े तीन बजे जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा। और शाम साढ़े 7 बजे दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। उधर, अमरीका के फ्लोरिडा में, तीरंदाजी विश्‍वकप स्‍टेज-1 के कम्‍पाउंड मिक्‍स्‍ड टीम स्‍पर्धा में, भारत के ऋषभ यादव और ज्‍योति सुरेखा वेन्‍नाम की जोड़ी ने स्‍वर्ण पदक हासिल किया है। भारतीय जोड़ी ने कल रात एक रोमांचक मुकाबले में चीनी ताईपेई के हुआंग जाऊ और चेन चीह लुन की जोड़ी को हराकर ख़िताब जीता। फुटबॉल में, मोहन बागान सुपर जायंट्स ने इंडियन सुपर लीग फुटबॉल का ख़िताब जीत लिया है। कल कोलकाता में हुए फाइनल में, मोहन बागान ने बैंगलुरू को दो-एक से हराया। मोहन बागान सुपर जायंट्स ने दूसरी बार यह खिताब जीता है।

 

———-

 

 

मौसम :-

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से उत्तर-पश्चिम भारत और गुजरात के कुछ हिस्सों में भीषण  लू चलने की आशंका है। विभाग ने कहा कि 18 अप्रैल तक पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात, पंजाब, दिल्ली और हरियाणा में गर्म हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है।

 

 

———-

 

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा – सरकार पूर्वोत्तर पर विशेष ध्यान केन्द्रित करते हुए अगले दो वर्षों में राजमार्ग विकास परियोजनाओं में 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंबेडकर जयंती के अवसर पर कल हरियाणा में कई परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

  • केंद्र पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है; अतिरिक्त बल की तैनाती सहित हरसंभव सहायता का आश्वासन।

  • देश के विभिन्न हिस्सों में बैसाखी, बोहाग बिहू, पोइला बोइशाख और मेशादी के रूप में पारंपरिक फसल उत्सव मनाए जा रहे हैं।

  • राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जलियांवाला बाग के शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

  • आईपीएल क्रिकेट में, आज दोपहर जयपुर में राजस्थान रॉयल्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगे।

**********