मुख्य समाचार:-
- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 18 माओवादी मारे गए।
- पंजाब पुलिस ने शंभू और खनौरी बॉर्डर से प्रदर्शनकारी किसानों को हटाया। हरियाणा पुलिस ने सीमेंटेड बैरिकेड्स हटाने शुरू किए।
- उत्तराखंड में चार धाम यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू।
- पारसी नववर्ष का त्योहार नवरोज आज मनाया जा रहा है।
- अमरीकी फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया।
- बीसीसीआई ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को 58 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
- और, खेलो इंडिया पैरा गेम्स आज शाम नई दिल्ली में शुरू होंगे।
——————————————
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 18 माओवादी मारे गए। इस घटना में जिला रिजर्व पुलिस का एक जवान भी शहीद हुआ है।
——————————————
पंजाब पुलिस ने शंभू और खनौरी बॉर्डर से प्रदर्शनकारी किसानों को हटा दिया है। पंजाब पुलिस ने शंभू बॉर्डर के पंजाब की तरफ बचे हुए अस्थायी ढांचों को हटाने का फिर से काम शुरू कर दिया है। इधर, हरियाणा पुलिस ने भी बैरिकेड हटाने शुरू कर दिये हैं। शंभू-अंबाला रोड को साफ करने के लिए कंक्रीट के अवरोधों को हटाने के लिए जेसीबी मशीनों को लगाया गया है। ये मार्ग पिछले एक वर्ष से बंद है।
——————————————
कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने आज कहा है कि केंद्र सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और उसने वर्ष 2014 से उनके लिए कई कदम उठाए हैं। संसद के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि को लागू किया है और फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि की है।
जैविक खेती को बढ़ाने की बात हो, प्राकृतिक खेती को बढ़ाने की बात हो, अनेक उपाय किए हैं, परंतु विपक्ष, कभी किसान का आज तक भला नहीं किया। तो मोदी जी के नेृतत्व में मोदी जी चाह रहे हैं कि किसान के घर में खुशहाली आए, इसके लिए अनेक उपाय कर रहे हैं और करे जाएंगे और इस देश के अन्नदाता को समृद्ध और खुशहाल करेंगे।
——————————————
पंजाब में उद्योगपतियों तथा जनता ने कल शाम हरियाणा के शंभू और खनौरी बॉर्डर से किसानों को हटाए जाने का स्वागत किया है। किसानों द्वारा बनाए गए अस्थायी ढांचे और वाहनों को हटा दिया गया है। हालांकि, अभी राजमार्ग वाहन आवागमन के लिए नहीं खोला गया है। फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य और कुछ अन्य मांगों को पूरा करने को लेकर किसानों द्वारा विरोध प्रदर्शन के कारण दोनों बॉर्डर एक वर्ष से अधिक समय से बंद थे।
लुधियाना के वर्ल्ड एमएसएमई फोरम के अध्यक्ष बदीश जिंदल ने चौकियां खोलने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य को हर महीने 1,500 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है और व्यापार 15 से 20 फीसदी तक कम हो गया है। इस बीच, जिला स्तर पर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए राज्य में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
——————————————
संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही डी.एम.के. और कुछ अन्य विपक्षी सांसदों द्वारा लोकसभा तथा विधानसभा क्षेत्रों के प्रस्तावित परिसीमन के बाद कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
——————————————
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आरोप लगाया है कि डीएमके तमिलनाडु में अपनी विफलता को छिपाने संसद में परिसीमन का मुद्दा उठा रही है। संसद के बाहर पत्रकारों से बातचीत में श्री जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार दक्षिण भारत के साथ अन्याय नहीं होने देगी और जनगणना के बाद परिसीमन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस बीच, मीडिया से बातचीत में पार्टी सांसद कनिमोझी करुणानिधि ने कहा कि पार्टी निष्पक्ष परिसीमन पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि डीएमके इस मुद्दे पर केंद्र सरकार से स्पष्टीकरण चाहती है क्योंकि प्रस्तावित परिसीमन तमिलनाडु सहित दक्षिणी राज्यों के हितों को नुकसान पहुंचाएगा।
——————————————
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर ने आज नई दिल्ली में 10वें सीआईआई इंडिया-एलएसी सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने वैश्विक आर्थिक परिदृश्य का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया एक अनिश्चितता और अस्थिरता दौर से गुज़र रही है। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी ने विकासशील देशों और सतत विकास लक्ष्यों को प्रभावित किया है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था को खतरों से बचाने की आवश्यकता है।
——————————————
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एन.आई.ए. ने जम्मू में 12 स्थानों पर तलाशी ली है। लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों की नवगठित शाखाओं तथा उनके सहयोगियों के घरों पर छापे मारे गए। अभियान के दौरान, एन.आई.ए. ने आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है।
——————————————
उत्तराखंड में चार धाम यात्रा के लिए पंजीकरण आज से शुरू हो गया है। इस वर्ष पंजीकरण का प्रमाणीकरण आधार कार्ड से होगा और पंजीकरण के दौरान श्रद्धालुओं को अपना आधार कार्ड विवरण देना होगा। कुल पंजीकरणों में से 60 प्रतिशत पंजीकरण ऑनलाइन होंगे जबकि 40 प्रतिशत ऑफ़लाइन किए जाएंगे ताकि तीर्थयात्रियों को कोई परेशानी न हो। तीर्थयात्री registrationandtouristcare.uk.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
——————————————
पारसी नववर्ष का त्यौहार – नवरोज़ आज मनाया जा रहा है। शांति और समृद्धि का प्रतीक के पर्व पारसी समुदाय का सबसे प्रमुख त्यौहार है। नवरोज का दिन मन को शुद्ध करने तथा प्रेम और शांति के साथ नया साल शुरू करने के लिए समर्पित है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि यह विशेष दिन सभी के लिए खुशियाँ, समृद्धि और अच्छा स्वास्थ्य लेकर आए।
——————————————
अमरीकी फेडरल रिजर्व ने अपनी ब्याज दर को अपरिवर्तित रखा है। ब्याज दरों में चार दशमलव दो-पांच प्रतिशत से 4 दशमलव 5 शून्य प्रतिशत की सीमा में स्थिर रखा गया है। हालांकि केंद्रीय बैंक ने संकेत दिया है कि इस वर्ष के अंत तक दो बार ब्याज दर में कटौती किये जाने की संभावना है। फेडरल रिजर्व ने इस वर्ष के लिए अमरीकी मुद्रास्फीति के अपने अनुमान को बढ़ा दिया है और अमरीकी आर्थिक विकास पूर्वानुमान को घटाया है। अमरीकी केंद्रीय बैंक का दूसरा मौद्रिक नीतिगत निर्णय अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प की शुल्क में बढ़ोतरी से पैदा हुई मुद्रास्फीति के जोखिमों के बीच आया है।
——————————————
इज़राइल ने गाजा में अपना सैन्य अभियान तेज़ कर दिया है। हवाई हमलों में कम से कम चार सौ फलस्तीनियों के मारे जाने के ठीक एक दिन बाद मध्य और दक्षिणी क्षेत्रों में इस्राइल ने जमीनी अभियान शुरू किया है। यह अक्टूबर 2023 में संघर्ष शुरू होने के बाद से सबसे घातक हमलों में से एक है।
——————————————
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड-बीसीसीआई ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में जीत के लिए भारतीय क्रिकेट टीम को 58 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रही और उसने 9 मार्च को दुबई में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में 4 विकेट से जीत दर्ज की। बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भी टीम की प्रशंसा की।
——————————————
खेलो इंडिया पैरा गेम्स का दूसरा चरण आज दोपहर बाद नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम के के.डी. जाधव हॉल में शुरू हो रहा है। उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण, प्रसार भारती स्पोर्ट्स यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।
दूसरे खेलो इंडिया पैरा गेम्स की शुरुआत आज से राजधानी दिल्ली के 3 स्थानों पर होगी। इसमें तेरह सौ से अधिक पैरा एथलीट 6 खेलों में भाग लेंगे। जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम में पैरा–एथलिटों की सहायता और प्रबंधन के लिए दो सौ से अधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इस बीच, आज सुबह इंदिरा गांधी स्टेडियम में पैरा बैडमिंटन इवेंट शुरू हुआ। दूसरी ओर, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम कल से पैरा एथलेटिक्स की मेजबानी करेगा, शनिवार से पैरा तीरंदाजी और रविवार से पैरा पावरलिफ्टिंग, जबकि पैरा टेबल टेनिस 25 मार्च से इंदिरा गांधी स्टेडियम में होगा। इन खेलों का सीधा प्रसारण दूरदर्शन समाचार पर किया जाएगा। साथ ही ताजा जानकारी आकाशवाणी समाचार में भी दी जाएगी। ये खेल 2028 में अमरीका के लॉस एंजिल्स में होने वाले ग्रीष्मकालीन पैरालिंपिक में भारत की भागीदारी के लिए भूमिका तैयार करेंगे। समाचार कक्ष से कनक लता।
——————————————
एएफसी बीच सॉकर एशियन कप 2025 में, आज शाम भारत का सामना थाईलैंड से होगा। थाईलैंड के पटाया में ये मैच भारतीय समय के अनुसार शाम 7 बजे से खेला जाएगा।
——————————————
आज विश्व गौरैया दिवस है। यह दिन गौरैया की आबादी में तेज़ी से हो रही कमी के बारे में जागरूकता के लिए प्रयास है। हर वर्ष 20 मार्च को मनाया जाने वाला यह दिन पहली बार वर्ष 2010 में विश्व के विभिन्न हिस्सों में मनाया गया था।
——————————————
आज दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय प्रसन्नता दिवस मनाया जा रहा है। यह दिन दुनिया भर में मानव जीवन में प्रसन्नता और कल्याण की भावना को रेखांकित करने के लिए मनाया जाता है। इस वर्ष का विषय है- देखभाल और साझा करना।
——————————————
मौसम विभाग ने आज पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र, असम और मेघालय में हल्की बारिश, गरज के साथ तेज़ हवाएँ चलने का अनुमान व्यक्त है।
——————————————
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 18 माओवादी मारे गए।
- पंजाब पुलिस ने शंभू और खनौरी बॉर्डर से प्रदर्शनकारी किसानों को हटाया। हरियाणा पुलिस ने सीमेंटेड बैरिकेड्स हटाने शुरू किए।
- उत्तराखंड में चार धाम यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू।
- पारसी नववर्ष का त्योहार नवरोज आज मनाया जा रहा है।
- अमरीकी फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया।
- बीसीसीआई ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम को 58 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
- और, खेलो इंडिया पैरा गेम्स आज शाम नई दिल्ली में शुरू होंगे।
——————————————