मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन चंद्र रामगुलाम के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। दोनों देशों ने प्रमुख क्षेत्रों में 8 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए।
- प्रधानमंत्री ने मॉरीशस में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। कहा – दोनों देश न केवल हिंद महासागर से जुड़े हैं, बल्कि परंपराओं और संस्कृति से भी जुड़े हैं।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पंजाब विश्वविद्यालय के 72वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता की। राष्ट्रपति ने देश के समावेशी और सतत विकास के लिए समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान पर जोर दिया।
- पाकिस्तान में, सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी के आतंकवादियों द्वारा ट्रेन अपहरण करने के बाद 150 से अधिक बंधकों को बचाया।
- और खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2025 का दूसरा चरण आज जम्मू-कश्मीर में संपन्न होगा।
————————–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने दो दिन के आधिकारिक दौरे के तहत मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। बैठक में, उन्होंने स्थानीय मुद्रा निपटान प्रणाली, ऋण सुविधा समझौता, राजनयिकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, वित्तीय अपराधों से निपटने के लिए वाणिज्यिक, गैर-सैन्य जहाजों के बारे में जानकारी का आदान-प्रदान करना, एम.एस.एम.ई. के क्षेत्र में सहयोग और सुशासन के लिए सरकारी अधिकारियों का प्रशिक्षण से संबंधित समझौतों का आदान-प्रदान किया। और ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मॉरीशस के राष्ट्रीय असेंबली में भारत और मॉरीशस के बीच आठ समझौतों का आदान-प्रदान और कुछ प्रोजेक्ट्स की ई-लॉचिंग के बाद प्रेस वक्तव्य देते हुए कहा कि उन्होंने और मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीन चन्द्र राम गुलाम ने मिलकर भारत और मॉरीशस के बीच साझेदारी को एन्हांस्ड स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा देने का निर्णय लिया है। मॉरीशस में पालिर्यामेंट की नई बिल्डिंग बनाने में भारत सहयोग करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि फ्री ओपन सिक्योर और सेफ इंडियन ओशियन भारत और मॉरीशस की साझी प्राथमिकता है। भारत मॉरीशस के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक ज़ोन के सुरक्षा में पूर्ण सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 10 वर्ष पहले मॉरीशस में ही सागर विजन की आधारशिला रखी गई थी और अब ग्लोबल साउथ के लिए विजन रहेगा, महासागर यानी म्यूचुअल एंड होलिस्टक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ एक्रोस रिजन्स हैं। विकल्प शुक्ला, आकाशवाणी समाचार, मॉरीशस।
————————–
प्रधानमंत्री मोदी ने मॉरीशस में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दोनों देश न केवल हिंद महासागर से जुड़े हैं, बल्कि परंपराओं और संस्कृति से भी जुड़े हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश हर क्षेत्र में एक दूसरे का सहयोग करते आए हैं।
भारत और मोरीशस का संबंध हमारी साझी सांस्कृतिक परंपराओं और हर मूल्यों से भी जुड़ा है हम आर्थिक और सामाजिक प्रगति की राह पर एक-दूसरे के साथी हैं। प्राकृतिक आपदा हो या कोविड विपदा, हमने हमेशा एक-दूसरे का साथ दिया है। रक्षा हो या शिक्षा, स्वास्थ्य हो या स्पेस, हम हर क्षेत्र में कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं।
श्री मोदी ने कहा कि गत वर्षों में रक्षा संबंधों में नए आयाम जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया है। प्रधानमंत्री ने मॉरीशस के नागरिकों को राष्ट्रीय दिवस की बधाई दी।
इससे पहले, मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन चन्द्र रामगुलाम ने कहा कि मॉरीशस को भारत का सहयोग मिलता रहा है। कई सामुदायिक प्रोजेक्ट में भारत ने सहयोग किया है।
प्रधानमंत्री मोदी मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह मे मुख्य अतिथि हैं। श्री मोदी दूसरी बार मुख्य अतिथि के रूप में इस समारोह में उपस्थित हैं। समारोह में भारत की ओर से एक मार्चिंग टुकड़ी, भारतीय वायु सेना की आकाश गंगा स्काई डाइविंग टीम और भारतीय नौसेना का जहाज इम्फाल भी शामिल है।
————————–
केन्द्र सरकार ने कहा है कि दक्षिण पूर्व एशिया में साइबर अपराध के सिलसिले में पकड़े गये लोगों में से दो सौ 66 को कल भारतीय वायु सेना के विमान द्वारा स्वदेश लाया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट पर ये जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय दूतावास ने म्यांमा और थाईलैण्ड सरकारों के सहयोग से इन भारतीयों की सुरक्षित रिहाई और प्रत्यपर्ण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
————————–
मेडागास्कर की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जस्टिन टोकेली के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज नई दिल्ली में संसद भवन का दौरा किया। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने कहा कि मेडागास्कर के साथ भारत के प्रगाढ़ संबंध हैं। उपसभापति ने कहा कि मेडागास्कर के संसदीय प्रतिनिधिमंडल की इस यात्रा से संबंध और मजबूत होंगे। यह प्रतिनिधिमंडल सोमवार को दिल्ली पहुंचा था।
————————–
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज देश के समावेशी और सतत विकास के लिए समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान पर जोर दिया। उन्होंने चंड़ीगढ़ में पंजाब विश्वविद्यालय के 72वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुए यह बात कही।
राष्ट्रपति ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पंजाब विश्वविद्यालय नई शिक्षा नीति के अनुसार नवाचार, अनुसंधान और वैश्विक भागीदारी को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योगों को शिक्षा क्षेत्र में भी अपना योगदान देना चाहिए।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि विद्यार्थियों में संवेदनशीलता और राष्ट्र प्रेम की भावना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच रखनी चाहिए और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए उभरती हुई तकनीकों से परिचित होना चाहिए।
ये जरूरी है कि हर विद्यार्थी के पास चुनौतियों का सामना करने के लिए पॉजिटिव मांइड सेट और एडवांस स्किल सेट है और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी की जानकारी और उनका सदुपयोग करने की क्षमता को अर्जित और निरंतर विकसित करने का जज्बा हो, आपकी सफलता के लिए आवश्यक हो।
दीक्षांत समारोह में करीब 812 विद्यार्थियों को पीएचडी डिग्री और 70 विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए गए। डिग्री पाने वालों में 617 छात्राएं जबकि पदक विजेताओं में 62 छात्राएं शामिल थीं।
————————–
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि होली और गर्मी की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की अधिक भीड़ को देखते हुए पिछले साल 13 हजार 5 सौ 23 विशेष ट्रेनें चलाई गईं। लोकसभा में श्री वैष्णव ने यह जानकारी दी।
————————–
राज्यसभा में आज रेलवे के कामकाज पर चर्चा शुरू हुई। चर्चा की शुरुआत करते हुए भाजपा के समिक भट्टाचार्य ने कहा कि रिकॉर्ड बजटीय आवंटन के साथ सरकार ने भारतीय रेलवे को विश्वस्तरीय नेटवर्क में बदलने की अपनी अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने हाई स्पीड रेल पहल महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं। चर्चा में भाग लेते हुए कांग्रेस के अनिल कुमार यादव मंडाडी ने रेलवे नेटवर्क और यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा विकास के लिए अपनी पार्टी की सरकार के दौरान की गई कई पहलों पर प्रकाश डाला।
————————–
भारतीय जनता पार्टी के सांसद दिनेश शर्मा ने कहा है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। संसद के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम- डी.एम.के. पार्टी विकास कार्यों से ध्यान हटाने के लिए राज्य में भाषा का मुद्दा उठा रही है।
एन ई पी को लेकर जो हंगामा कर रहे लोग हैं, ये दिशा विहीन भी हैं और जनता के जनाधारविहीन भी होते जा रहे हैं। इनको तो खुश होना चाहिए तमिल संगम हो रहा है। उत्तर प्रदेश के तमाम यूनिवर्सिटीज़ तेलगू और तमिल की पढ़ाई जाने लगी हैं और पूरे भारत में इसका विस्तार हो रहा है। तो ये जो शिक्षा नीति का उनके प्रणम्य भाव से स्वागत करना चाहिए।
————————–
पुद्दुचेरी के मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री एन. रंगासामी, ने आज विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 13 हजार 600 करोड़ रूपये का बजट पेश किया। बजट में केंद्रीय सड़क निधि के लिए 25 करोड़ रूपये और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत 400 करोड़ रूपये भी शामिल हैं।
————————–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वैश्विक मंच पर मखाना को सुपर फूड के रूप में बढ़ावा दे रहे हैं। इससे बिहार के मखाना उत्पादकों, किसानों और निर्यातकों को गर्व का अनुभव हो रहा है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन द्वारा वर्ष 2025-26 के बजट में बिहार में मखाना बोर्ड की घोषणा के बाद कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ने मॉरीशस के राष्ट्रपति को मखाना भेंट किया। एक रिपोर्ट –
बिहार के मखाना उत्पादक किसानों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल की सराहना की है। पुनिया के मखाना उत्पादक आदर्श कुमार ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कहा कि वे प्रधानमंत्री मोदी जी के कदम की सराहना करते हैं।
हमारे देश के प्रधानमंत्री एज़ आ बड़े अम्बेसडर को वैश्विक मंच पर आगे बढ़ा रहे हैं, इससे बिहार में जो मखाना उत्पाद है, इसको बहुत बड़ा एक पहल माना जाएगा।
वहीं, दरभंगा के मखाना व्यवसायी अभिनव खेडिया ने बताया कि प्रधानमंत्री की सुपर फूड के रूप में वैश्विक स्तर पर मखाना को स्थापित करने की पहल काफी सराहनीय है।
सबसे बड़ा फायदा हमें तो क्या मिलेगा हमारा एक्सपोर्ट बढेगा। हमारे एक्सपोर्ट बढ़ने से हमारा करेंसी यहां भी आएगी, जो इसको बेलेंस करने में हेल्प करेगा, दूसरा है, फॉरेन इनवेस्टमेंट जब आएगा इंडिया के अंदर वो हमारे इकोनॉमिक को और इनक्रिज़ करने में हेल्प करेगा।
राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान के दरभंगा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि विभिन्न सकारात्मक पहल का असर देखने को मिल रहा है।
प्रधानमंत्री जी ने मॉरिशस के राष्ट्राध्यक्ष को मखाना उपहार स्वरूप भेंट किया है। तो निश्चित तौर पर इससे मखाना के जो किसान है, उद्यमी है मिथिला क्षेत्र के और अन्यत्र भी उनको काफी प्रोत्साहन मिलता है, धर्मेन्द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।
————————–
उत्तर प्रदेश में ब्रज क्षेत्र और वाराणसी में 14 मार्च को रंग पंचमी से पहले ही होली का उत्सव शुरू हो गया है। एक रिपोर्ट –
मथुरा में आज द्वारकाधीश मंदिर में होली मनाई जा रही है, सबसे पहले भगवान को अबीर गुलाल अर्पित किया गया और फिर भक्तों ने मंदिर परिसर में होली खेली। देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु, पर्यटक मथुरा, वृंदावन, बरसाना और गोकुल में लड्डू उत्सव, लट्ठमार होली और फूलों की होली में शामिल हुए। 13 मार्च को होलिका दहन होगा। 15 से 21 मार्च तक बलदेव के दाऊजी मंदिर और अन्य स्थानों पर हुरंगा उत्सव मनाया जाएगा। उधर, वाराणसी में कल मणिकर्णिका घाट पर मसान होली खेली गई। यह होली भगवान शिव को समर्पित है। ओम अवस्थी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
————————–
पाकिस्तान में, सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान प्रांत में बलूच लिबरेशन आर्मी-बीएलए के आतंकवादियों द्वारा 400 से अधिक यात्रियों को ले जा रही ट्रेन को हाईजैक करने के बाद डेढ सौ से अधिक बंधकों को बचा लिया है। जाफ़र एक्सप्रेस के अपहरण में शामिल 27 आतंकवादी सुरक्षा अभियान में मारे गए हैं। बीएलए ने अपहरण की जिम्मेदारी लेते हुए बलूच राजनीतिक कैदियों और लापता व्यक्तियों की रिहाई की मांग की है।
————————–
कश्मीर के बारामुला जिले के गुलमर्ग में आयोजित खेलो इंडिया विंटर गेम्स-2025 का दूसरा चरण आज संपन्न हो जाएगा। इन खेलों का पहला चरण 23 से 27 जनवरी तक लद्दाख में आयोजित किया गया था। और ब्योरा हमारे संवाददाता से-
भारतीय खेल प्राधिकरण के उप महानिदेशक विनीत कुमार ने कहा कि खेल जबरदस्त सफल रहे हैं। क्योंकि भारतीय खेल प्राधिकरण और जेएंडके स्पोर्ट्स काउंसिल ने खेलों को उचित तरीके से संचालित करने के लिए अद्भुत काम किया है। संभागीय खेल अधिकारी कश्मीर नुसरत गजाला ने आकाशवाणी को बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए एथलीटों और दर्शकों ने पूरे उत्साह के साथ खेलों का आनंद लिया। केंद्रीय युवा सेवा एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडवीया देशभर के एथलीटों को प्रोत्साहित करने और सम्मानित करने के लिए गुलमर्ग क्लब में समापन समारोह में भाग लेंगे। तारीख राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।
————————–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ऐतिहासिक दांडी मार्च में भाग लेने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि दी। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में दांडी मार्च ने आत्मनिर्भरता और स्वतंत्रता के लिए एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन को प्रज्वलित किया।
————————–
मौसम विभाग ने आज पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कहा कि आज कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्टर सोमा सेन रॉय ने आज जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पश्चिमी भाग में आंधी-तूफान का अनुमान व्यक्त किया है।
————————–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन चंद्र रामगुलाम के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। दोनों देशों ने प्रमुख क्षेत्रों में 8 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए।
- प्रधानमंत्री ने मॉरीशस में संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। कहा – दोनों देश न केवल हिंद महासागर से जुड़े हैं, बल्कि परंपराओं और संस्कृति से भी जुड़े हैं।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पंजाब विश्वविद्यालय के 72वें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता की। राष्ट्रपति ने देश के समावेशी और सतत विकास के लिए समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों के उत्थान पर जोर दिया।
- पाकिस्तान में, सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी के आतंकवादियों द्वारा ट्रेन अपहरण करने के बाद 150 से अधिक बंधकों को बचाया।
- और खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2025 का दूसरा चरण आज जम्मू-कश्मीर में संपन्न होगा।
————————–