February 21, 2025 3:54 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारत मंडपम में स्कूल ऑफ अल्टीमेट लीडरशिप-सोल कॉन्क्लेव के पहले संस्करण का उद्घाटन किया। कहा –  भारत वैश्विक ऊर्जा के रूप में उभर रहा है और इसके लिए हर क्षेत्र में ऊर्जावान नेताओं की आवश्यकता है।

  • भूटान के प्रधानमंत्री दासो छेरिंग टोबगे ने भविष्‍य के नेतृत्‍व को निखारने के लिए सोल को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की संकल्‍पना बताया।

  • स्वास्थ्य मंत्री जे.पी.नड्डा ने कहा – पिछले दस वर्ष में स्वास्थ्य पर होने वाला खर्च 64 प्रतिशत से घटकर 39 प्रतिशत रह गया है।

  • 98वां अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन आज नई दिल्ली में शुरू होगा।

  • भारतीय जीवविज्ञानी और वन्यजीव संरक्षणवादी पूर्णिमा देवी बर्मन को टाइम पत्रिका द्वारा वुमन ऑफ द ईयर नामांकित किया गया।

  • टेबल टेनिस में, आकाश पाल और पोयमंती बैस्या का तुर्की में डबल्‍यू टी टी फीडर कैप्पाडोसिया  के मिक्स्ड डबल्स फाइनल में चीन के ज़ू फ़ेई और हान फ़ेयर से मुकाबला होगा।

*******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत एक वैश्विक ऊर्जा के रूप में उभर रहा है और इसके लिए हर क्षेत्र में ऊर्जावान नेताओं की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में स्कूल ऑफ अल्टीमेट लीडरशिप-सोल कॉन्क्लेव के पहले संस्करण का उद्घाटन किया। सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि विश्व स्तरीय शासन और नीति बनाने वाले पारिस्थितिकी तंत्र के लिए आवश्‍यक कदम उठाए जाने चाहिए।   

 

नेशन बिल्डिंग के लिए व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण, जन से जगत, जन से जग ये किसी भी ऊंचाई को प्राप्त कर रहा है। विशालता को पाना है तो आरंभ जन से ही शुरू होता है।

 

वैश्विक नेतृत्व में सोल के महत्व के बारे में श्री मोदी ने कहा कि मानव संसाधन राष्ट्र के विकास में  प्रमुख भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय विकसित भारत की दृष्टि को प्राप्त करने के लिए प्रयत्‍नशील है और देश को उन संसाधनों की आवश्यकता है जो नवाचार और कौशल को बढ़ा सकते हैं।

 

स्वामी विवेकानंद जी भारत को गुलामी से बाहर निकाल कर भारत को ट्रांसफोम करना चाहते थे और उनका विश्वास था कि अगर 100 लीडर्स उनके पास हों तो वो भारत को आजादी नहीं बल्कि दुनिया का नम्बर वन देश बना सकते हैं।

 

प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सोल उन नेताओं को आकार देगी जो राष्ट्रीय और विश्व स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल ऑफ अल्टीमेट लीडरशिप की स्थापना विकसित भारत की यात्रा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। 

 

इस संस्थान के नाम में ही सोल है ऐसा नहीं है। ये भारत की सोशल लाइफ की सोल बनने वाला है और हम लोग जिससे भली-भांति परिचित है। आत्मा अगर ये सोल को उस भाव से देखे तो ये आत्मा की अनुभूति कराता है।

 

इस अवसर पर भूटान के प्रधानमंत्री दासो छेरिंग टोबगे ने भविष्‍य को निखारने के लिए सोल को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की संकल्‍पना बताया।

 

यह असाधारण मौका है वह इसलिए कि विश्व के महान नेता आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी से ही नेतृत्व का पाठ पढूंगा। श्री नरेन्द्र मोदी जी आप में एक बड़े भाई की छवि देखता हूं। जो सदैव मेरा मार्गदर्शन करते हैं और मुझे सहायता देते हैं।

 

दो दिवसीय सोल लीडरशिप कॉन्क्लेव एक प्रमुख मंच के रूप में काम करेंगे, जहां राजनीति, खेल, कला और मीडिया, आध्यात्मिक दुनिया, सार्वजनिक नीति, व्यवसाय और सामाजिक क्षेत्र जैसे विविध क्षेत्रों के लोग अपनी प्रेरणादायक जीवन यात्राओं को साझा करेंगे।

*******

प्रधानमंत्री आज विज्ञान भवन में अखिल भारतीय मराठी साहित्‍य सम्‍मेलन का भी शुभारंभ करेंगे। यह इस सम्‍मेलन का 98वां संस्‍करण होगा। सरकार ने हाल ही में मराठी को शास्‍त्रीय भाषा का दर्जा दिया है। तीन दिन के इस सम्‍मेलन में पैनल चर्चा, पुस्‍तक प्रदर्शनी और संस्‍कृतिक कार्यक्रम के सत्र होंगे और मराठी साहित्य की सर्वकालिक प्रासंगिकता, भाषा के संरक्षण, अनुवाद और साहित्यिक कार्यों के डिजिटीकरण पर चर्चा होगी। एक रिेपोर्ट-

 

71 वर्षों के अंतराल के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 21 से 23 तक तीन दि‍न के लिए आयोजित यह मराठी साहित्य सम्मेलन, एक प्रतिष्ठित और महत्वपूर्ण है। इस सम्मेलन में पांच हजार से अधिक साहित्य प्रेमियों के शामिल होने की उम्मीद है, जो विश्व स्तर पर मराठी संस्कृति और साहित्य का जश्न मनाएंगे। प्रसिद्ध लेखिका डॉ. तारा भवाड़कर सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगी और 128 साल के इतिहास में सम्मेलन की अध्यक्षता करने वाली छठी महिला बनेंगी। तालकटोरा स्टेडियम स्थल का अस्थायी रूप से नाम बदलकर मराठी साहित्यिक परंपराओं के प्रतीकात्मक नामों के साथ रखा जाएगा। यह सम्मेलन मराठी साहित्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रमाण है। नरेन्‍द्र विस्‍पुते, आकाशवाणी समाचार, नई दिल्‍ली।

*******

स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने कहा है कि पिछले दस वर्षों में स्वास्थ्य पर होने वाला खर्च 64 प्रतिशत से घटकर लगभग 39 प्रतिशत रह गया है। नई दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय स्वास्थ्य संवाद-2025 के 12वें संस्करण को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री जन-आरोग्य योजना के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और अन्य योजनाओं के तहत प्रदान की जाने वाली सेवाओं के कारण स्वास्थ्य पर होने वाले खर्च में कमी आई है। श्री नड्डा ने कहा कि हाल ही में 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को, चाहे उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति कुछ भी हो, इस योजना में शामिल किया गया है।

*******

भारत के कृषि निर्यात में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। कई उत्पाद पहली बार अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में अपनी जगह बना रहे हैं। इससे किसान सशक्त बन रहे हैं और उनकी आय में वृद्धि हो रही है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को प्रीमियम सांगोला और भगवा अनार की पहली खेप भेजी। ड्रैगन फ्रूट को लंदन और बहरीन को भी निर्यात किया जा रहा है। भारत की चावल निर्यात क्षमता को बढ़ावा देते हुए, लाल चावल की पहली खेप अमरीका भेजी गई। विदेशी फलों की पहली खेप भारतीय किसानों के लिए नए अवसर और सरकार के आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को उजागर करती है।

*******

कोयला और खनन राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने देश में महत्वपूर्ण खनिजों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। आज नई दिल्ली में फिक्‍की द्वारा आयोजित महत्वपूर्ण खनिज मैट्रिक्स सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय महत्वपूर्ण खनिज अभियान शुरू किया है।

 

हमारे मंत्रालय ने राष्ट्रीय क्रिटिकल मिनिरल मिशन लॉन्च किया है। जिसके तहत सात वर्षों में 34 हजार करोड़ रूपये खर्च किये जायेंगे। इसके तहत हम बाहर के देशों में खनन का काम करेंगे। इसके लिए हमने काबिल नाम की एक कंपनी बनाई है। उस देश के साथ मिलकर क्रिटिकल मिनिरल की खोज करेंगे। वहां से लाके अपने यहां फिर उसको तैयार करके अपने देश के लिए काम करेंगे।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 24 फरवरी को बिहार के भागलपुर में प्रधानमंत्री किसान सम्‍मान निधि की 19 वीं किस्त जारी करेंगे।

*******

आज नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश भर के दो करोड़ 50 लाख किसान इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

 

इस योजना के अंतर्गत सीधे 6 हजार रूपये तीन किस्तों में किसान के खाते में अंतरित किए जाते हैं और अब तक 3 दशमलव 46 लाख करोड़ रूपया किसानों के खाते में अंतरित किए जा चुके हैं और 19वीं किस्त जारी होते ही 3 लाख 68 हजार करोड़ रूपया किसान के खाते में पहुंचेंगे। दुनिया की सबसे बड़ी डीबीटी की योजना है ये।

*******

गृह मंत्री अमित शाह कल महाराष्ट्र के पुणे में पश्चिमी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे। क्षेत्रीय परिषद में बुनियादी ढांचे, खनन, पर्यावरण, खाद्य सुरक्षा मापदंडों और क्षेत्रीय स्तर पर साझा हित के अन्य विषयों से संबंधित मुद्दों पर चर्चा होगी।

*******

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि चिंता और अवसाद के रूप में मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य एक गंभीर चुनौती के रूप में उभरे हैं। आज नई दिल्ली में प्राणायाम के वैश्विक सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री धनखड़ ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मेलन संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास मिशन के अनुरूप है।

*******

भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर देश की चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने के लिए विदेशी सहायता का आरोप लगाया है। पार्टी मुख्यालय में आज संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्‍ता गौरव भाटिया ने कहा कि अमरीकी सहायता का उपयोग चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने के लिए किया जा रहा था।

 

इस बीच, कांग्रेस नेता पवन खेरा ने कहा है कि एक झूठी कहानी बनाई जा रही है कि नरेन्‍द्र मोदी सरकार को अस्थिर करने के लिए 21 मिलियन डॉलर की अमरीकी सहायता ली गई थी।

*******

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज लोक निर्माण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड के कार्यों की समीक्षा करेंगी। संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में उनके अधिकार मिलेंगे।

*******

भारतीय जीवविज्ञानी और वन्यजीव संरक्षणवादी पूर्णिमा देवी बर्मन को टाइम पत्रिका द्वारा “वुमन ऑफ द ईयर” पुरस्‍कार के लिए नामित किया गया है। यह पुरस्‍कार विभिन्‍न क्षेत्रों में असाधारण कार्यों के लिए प्रदान किया जाता है। 45 वर्षीय पूर्णिमा देवी इस सूची में एकमात्र भारतीय महिला है। असम की पूर्णिमा देवी लुप्तप्राय स्थानीय हरगिला पक्षी की रक्षा में अपने असाधारण प्रयासों के लिए जानी जाती हैं। 13 महिलाओं की सूची में फ्रांस की अभिनेता निकोल किडमैन और गिसेले पेलिकॉट भी शामिल हैं।

*******

खबरे महाकुंभ से :-

प्रयागराज महाकुंभ में भक्ति, आस्था और आध्यात्म के साथ-साथ शिक्षा पर भी विशेष बल दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार की पहल पर मेला क्षेत्र के हर सेक्टर में विद्याकुंभ नाम से विद्यालय स्थापित किए गए हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा के साथ-साथ अन्य सुविधाएं भी दी जा रही हैं।

 

महाकुंभ में उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग और मेला विकास प्राधिकरण के संयुक्त प्रयास से विद्याकुंभ बनाए गए हैं। विद्याकुंभ में अधिकतम श्रमिकों के बच्चे पढ़ते हैं। महाकुंभ के सेक्टर-2 स्थित विद्याकुंभ के प्रधान अध्यापक दिलीप कुमार मिश्र ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि विद्याकुंभ को बच्चों द्वारा भीख मांगने की प्रथा को भी काम कर रहा है।

 

अध्यापिका डॉक्टर संगीता ने बताया कि विद्याकुंभ में बच्चियों के सशक्तिकरण पर भी ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

 

कुंभविद्या में अध्ययन कर रही छात्राओं ने भी अपना अनुभव साझा किया है।

 

विद्याकुंभ बच्चों को शिक्षा प्रदान करने के साथ  महाकुंभ जैसे भव्य आयोजन में उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित करता है। आदर्श के साथ अभिषेक कपिल आकाशवाणी समाचार, प्रयागराज।

 

दूरदर्शन की महानिदेशक कंचन प्रसाद ने कहा है कि प्रयागराज में महाकुंभ विश्वास, संस्कृति और आध्यात्मिकता का संगम है। महाकुंभ में कुंभवाणी केन्‍द्र को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि कुंभवाणी इस दिव्य आयोजन के संदेश को सभी लोगों तक पहुंचाने का अविश्वसनीय माध्यम है।

*******

जम्मू-कश्मीर में हिज्ब-उल-मुजाहिदीन के एक फरार आतंकवादी को रियासी जिले से 18 साल बाद गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आतंकवादी अनवर अली वर्ष 2001 में हिज्ब-उल-मुजाहिदीन में शामिल हुआ था।

*******

भारत के आकाश पाल और पोयमंती बैस्या का मुकाबला तुर्की में डबल्‍यू टी टी टेबल टेनिस फीडर कैप्पाडोसिया 2025 के मिक्स्ड डबल्स फाइनल में चीन के ज़ू फ़ेई और हान फ़ेयर से होगा। मैच भारतीय समयानुसार आज दोपहर दो बजकर पचास मिनट से खेला जाएगा।

*******

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में आज पाकिस्तान के साथ कराची में अफगानिस्तान का मुकाबला हो रहा है। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी का फैसला किया है।

*******

स्क्वैश में भारत के सौरव घोषाल आज ऑस्ट्रेलिया में ऑक्टेन सिडनी क्लासिक के पुरुष सिंग्ल्स सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। घोषाल ने क्वार्टर फाइनल में कोरिया गणराज्य के मिंवु ली को पराजित किया।

*******

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारत मंडपम में स्कूल ऑफ अल्टीमेट लीडरशिप-सोल कॉन्क्लेव के पहले संस्करण का उद्घाटन किया। कहा –  भारत वैश्विक ऊर्जा के रूप में उभर रहा है और इसके लिए हर क्षेत्र में ऊर्जावान नेताओं की आवश्यकता है।

  • भूटान के प्रधानमंत्री दासो छेरिंग टोबगे ने भविष्‍य के नेतृत्‍व को निखारने के लिए सोल के मंच को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की संकल्‍पना बताया।

  • स्वास्थ्य मंत्री जे.पी.नड्डा ने कहा – पिछले दस वर्ष में स्वास्थ्य पर होने वाला खर्च 64 प्रतिशत से घटकर 39 प्रतिशत रह गया है।

  • 98वां अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन आज नई दिल्ली में शुरू होगा।

  • भारतीय जीवविज्ञानी और वन्यजीव संरक्षणवादी पूर्णिमा देवी बर्मन को टाइम पत्रिका द्वारा वुमन ऑफ द ईयर नामित किया गया है।

  • टेबल टेनिस में, आकाश पाल और पोयमंती बैस्या का तुर्की में डबल्‍यू टी टी फीडर कैप्पाडोसिया  के मिक्स्ड डबल्स फाइनल में चीन के ज़ू फ़ेई और हान फ़ेयर से होगा।

*******