मुख्य समाचार:-
- पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार दिल्ली के निगम बोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
- राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, अन्य गणमान्य व्यक्ति और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने डॉ. सिंह को अंतिम विदाई दी।
- गृह मंत्रालय ने कहा–केन्द्र सरकार डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित करेगी।
- महाराष्ट्र के पालघर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय रेलगाडी की चपेट में आने से दो लोगों की मौत।
- मौसम विभाग ने आज मध्य प्रदेश में आंधी और ओलावृष्टि का अनुमान व्यक्त किया।
- और, हैदराबाद में-इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में, ईस्ट बंगाल का मुकाबला आज हैदराबाद फुटबॉल क्लब से होगा।
*****
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को आज नई दिल्ली के निगम बोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। सिख ग्रंथियों और डॉ. मनमोहन सिंह के परिजनों ने अंतिम संस्कार से पहले गुरबानी का पाठ किया और तोपों की सलामी दी गई।
औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और जगत प्रकाश नड्डा तथा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने डॉ. सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अतिरिक्त कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी सहित कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं ने उन्हें अंतिम विदाई दी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि थलसेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख दिनेश के. त्रिपाठी, वायुसेना प्रमुख अमरप्रीत सिंह, भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और मॉरिशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफल ने भी डॉ. मनमोहन सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ दिल्ली के निगम बोध घाट पर किया गया। इससे पहले, आज सुबह, उनके पार्थिव शरीर को, उनके घर से, कांग्रेस मुख्यालय लाया गया। इसके बाद, वहां से, फूलों से सजे वाहन में अंत्येष्टि स्थल ले जाया गया। देश में, एक जनवरी तक, सात दिनों के लिए राजकीय शोक घोषित किया गया है। डॉ. मनमोहन सिंह का जीवन सार्वजनिक सेवा और समाज के उत्थान के लिए समर्पित था। डॉ. सिंह को भारत के आर्थिक और राजनीतिक परिदृश्य में उनके परिवर्तनकारी योगदान के लिए देश उन्हें हमेशा याद रखेगा। रहीसुद्दीन रिहान के साथ आनंद कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का बृह्स्पतिवार को नई दिल्ली में निधन हो गया था। वे 92 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार थे। उनका जन्म 26 सितम्बर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब राज्य में हुआ था। एक श्रद्धांजलि-
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर आज पंचतत्व में विलीन हो गया। हाथों में पुष्प, मन में आदर और आंखों में आंसू लिए डॉ सिंह के निधन से शोक में डूबे देश ने दलीय और क्षेत्रीय सीमाओं से उठकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सभी लोगों ने अलग अलग रूप में राष्ट्र जीवन में गहरा असर डालने वाले उनके योगदान को याद किया। सिंह उन दिग्गजों में से एक थे जिन्होंने नए उदारवादी भारत की कल्पना की थी। वे एक सच्चे राजनेता थे जिनके शांत व्यवहार ने उनके परिवर्तनकारी प्रभाव को झुठला दिया। मनमोहन सिंह ने 33 सालों तक राज्यसभा के सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दी। 2004 से 2014 तक वह यूपीए सरकार में देश के प्रधानमंत्री रहे। इसके अलावा, 1991 से 1996 तक उन्होंने नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री के रूप में कार्य किया था। उनके दिल में कविताएं और शायरी धड़का करती थी। डॉ. सिंह के लोकसभा में दिए गये शेर का ये अंश याद आ रहा है—माना कि तेरी दीद के काबिल नहीं हूं मैं, तू मेरा शौक देख, मेरा इंतजार देख। समाचार कक्ष से एक श्रृद्धांजलि।
*****
गृह मंत्रालय ने कहा है कि सरकार पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित करेगी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सरकार को कल इस संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से अनुरोध प्राप्त हुआ है। मंत्रालय ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के तुरंत बाद गृह मंत्री अमित शाह ने श्री खरगे और डॉ. मनमोहन सिंह के परिवार को बताया कि सरकार स्मारक के लिए जगह आवंटित करेगी।
*****
भारतीय जनता पार्टी के सांसद और प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा है कि भाजपा और एनडीए सरकार देश के आर्थिक विकास की मजबूत आधारशिला रखने वाले पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह को उचित सम्मान देने के प्रति पूर्णरूप से वचनबद्ध है।
गृहमंत्री आदरणीय अमित शाह जी ने कांग्रेस के अध्यक्ष आदरणीय मल्लिकार्जुन खड़गे जी को यह कन्वे किया कि सरकार स्मारक बनाने के लिए निर्णय ले चुकी है और अब जमीन का अधिग्रहण ट्रस्ट का बनना और जमीन का ट्रांसफर जैसी प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद जो भी समय लगेगा उसके द्वारा यथोचित और यथाशीघ्र यह कार्य किया जाएगा।
*****
पंजाब में, हिंदू कॉलेज ने अपने प्रतिभाशाली पूर्व छात्र पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को अमृतसर में श्रद्धांजलि दी। शिक्षकों, छात्रों तथा पूर्व छात्रों और राजनीतिक नेताओं ने दिवंगत आत्मा को पुष्पांजलि अर्पित की। हिंदू कॉलेज के प्रधानाचार्य संजय खन्ना ने कॉलेज परिसर में डॉ. मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने की घोषणा की। डॉ. मनमोहन सिंह हिंदू कॉलेज 1951 से 1953 के बैच के विद्यार्थी थे।
*****
सरकार ने चालू वित्त वर्ष में 88 खनिज ब्लॉकों की सफल नीलामी की है, जिसमें चार चरणों में पूरे किए गए 24 महत्वपूर्ण खनिज ब्लॉक भी शामिल हैं। खान मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रीय खनिज अन्वेषण ट्रस्ट ने 609 करोड़ रुपये से अधिक के बजट के साथ 120 अन्वेषण और खरीद परियोजनाओं को मंजूरी दी है। चीन, जापान, नॉर्वे, ब्राज़ील, दक्षिण अफ़्रीका, पापुआ न्यू गिनी, नामीबिया अपतटीय खनन करने वाले प्रमुख देशों में से हैं। अपतटीय क्षेत्रों में क्षेत्रीय जल, महाद्वीपीय शेल्फ, विशेष आर्थिक क्षेत्र और देश के अन्य समुद्री क्षेत्र शामिल हैं।
*****
27 साल के एक कट्टर नक्सली देवा सुमादो मुदाम ने महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। उस पर 7 लाख रुपये का इनाम था। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले का निवासी देवा छोटी उम्र से ही नक्सली गतिविधियों में शामिल रहा था। गोंदिया जिला पुलिस की अपील के बाद और नक्सली समूहों की गतिविधियों से निराश होकर उसने जिला कलेक्टर प्रजीत नायर और पुलिस अधिकारियों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
*****
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने चेन्नई के अन्ना विश्वविद्यालय में कथित यौन उत्पीड़न की घटना की जांच के लिए एक समिति का गठन किया है। आयोग ने एक बयान में बताया कि दो सदस्यीय यह समिति इस घटना की परिस्थितियों की जांच करेगी और अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई का आकलन करेगी। समिति में राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी और महाराष्ट्र के पूर्व पुलिस महानिदेशक प्रवीण दीक्षित शामिल हैं।
इससे पहले राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस मामले का स्वत: संज्ञान लिया था और आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक को पीडिता की निशुल्क चिकित्सा देखभाल और सुरक्षा करने का निर्देश दिया था। श्रीमती रहाटकर ने उन अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया था जिन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के दिशा निर्देशों और भारतीय न्याय संहिता की धारा 72 का उल्लंघन करते हुए पीडिता की पहचान सार्वजनिक की थी।
*****
भारतीय सेना दल, आज 18वें बटालियन स्तर के संयुक्त सैन्य अभ्यास सूर्य किरण में भाग लेने के लिए रवाना हो गया है। इस दल में 334 सैनिक शामिल हैं। इस अभ्यास का आयोजन नेपाल के सलझंडी में 31 दिसम्बर से 13 जनवरी 2025 तक होगा। एक रिपोर्ट-
भारतीय सेना की टुकड़ी का नेतृत्व 11वीं गोरखा राइफल्स की एक बटालियन कर रही है। नेपाल सेना की टुकड़ी का प्रतिनिधित्व श्रीजंग बटालियन करेगी। अभ्यास सूर्य किरण का उद्देश्य जंगल युद्ध, पहाड़ों में आतंकवाद विरोधी अभियानों और संयुक्त राष्ट्र चार्टर के तहत मानवीय सहायता और आपदा राहत में अंतर–संचालन क्षमता को बढ़ाना है। अभ्यास परिचालन तैयारियों, विमानन पहलुओं, चिकित्सा प्रशिक्षण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करेगा। इन गतिविधियों के माध्यम से, सैनिक अपनी परिचालन क्षमताओं को बढ़ाएंगे, अपने युद्ध कौशल को निखारेंगे और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में एक साथ काम करने के लिए अपने समन्वय को मजबूत करेंगे। सुमित की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोज़ी।
*****
प्रवर्तन निदेशालय ने अवैध सम्पत्ति और अवैध खनन के सिलसिले में बिहार विधान परिषद के पूर्व सदस्य और लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता हुलास पांडे के कई ठिकानों पर छापे मारे हैं। यह कार्रवाई कल देर रात तक पटना और बेंगलुरु में दो ठिकानों पर हुई। निदेशालय ने तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किये।
*****
महाराष्ट्र में कल रात पालघर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों पीड़ित रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास कर रहे थे और जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। मृतकों की पहचान मोनू राम और सोनू राम के रूप में की गई थे, जो भाई थे। तीसरे व्यक्ति अनुप तिवारी का इलाज चल रहा है। माना जा रहा है कि ये तीनों पालघर की एक कंपनी में कार्यरत थे।
*****
उत्तर भारत में शीतलहर का दौर जारी है। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर बर्फबारी हुई है। हमारी संवाददाता ने बताया कि अत्यधिक ऊंचाई वाले हिस्सों में भारी बर्फबारी हुई है।
उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में आज बर्फबारी हो रही है। उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, पौड़ी, नैनीताल और देहरादून के ऊंचाई वाले हिस्सों में ताजा हिमपात हुआ है। इसके अलावा, मैदानी क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हुई है। मौसम विभाग ने टेहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा और चम्पावत को छोड़कर राज्य के दो हजार पांच सौ मीटर से अधिक ऊंचाई वाले अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में आज भारी बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अतिरिक्त प्रदेश में कहीं–कहीं गरज के साथ ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। आज बागेश्वर और चमोली जिले में स्कूलों और आगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि, मौसम विभाग का मानना है कि राज्य के अधिकांश हिस्सों में कल मौसम साफ बना रहेगा। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।
*****
हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में पिछले 24 घंटों से रुक-रुक कर बर्फबारी और निचले हिस्सों में बारिश जारी है। किन्नौर जिले के लोकप्रिय पर्यटन स्थल छितकुल में एक फुट से अधिक बर्फबारी हुई है। लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों और चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी और भरमौर में भी भारी बर्फबारी दर्ज की गई। प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने आज मध्यप्रदेश में भी तूफान के साथ ओलावृष्टि और पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तरप्रदेश तथा राजस्थान में छिटपुट बारिश और घने कोहरे की स्थिति की संभावना व्यक्त की है। विभाग के अनुसार विदर्भ, महाराष्ट्र और गुजरात में भी ऐसे ही हालात रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें आज और कल नोएडा, गुरुग्राम तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अन्य स्थानों पर और बारिश का अनुमान व्यक्त किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों में इस वर्ष दिसंबर में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है।
*****
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कल से लगातार हो रही बारिश से वायु गुणवत्ता में सुधार आया है। वायु गुणवत्ता सामान्य श्रेणी में बनी हुई है। दोपहर एक बजे तक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 140 दर्ज किया गया।
*****
और अब खेल खबरों के साथ हैं – अंजुम आलम।
इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में आज ईस्ट बंगाल एफ.सी. का सामना हैदराबाद एफ.सी. से होगा। यह मैच हैदराबाद में गाचिबाउली स्टेडियम में शाम 5 बजे से खेला जायेगा। दूसरा मैच चेन्नई एफ.सी. और बेंगलुरु एफ.सी. के बीच चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शाम साढे़ सात बजे से खेला जाएगा। हॉकी इंडिया लीग आज से ओडिशा के राउरकेला में शुरू हो रही है। उद्घाटन मैच बिरसा मुंडा स्टेडियम में रात आठ बजे दिल्ली एसजी पाइपर्स और गोनासिका के बीच खेला जाएगा। क्रिकेट में मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के साथ बॉर्डर–गावस्कर ट्रॉफी के चौथे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन खेल समाप्त होने तक भारत ने पहली पारी में 9 विकेट पर 358 रन बनाए। भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से अभी 116 रन पीछे है। भारतीय बल्लेबाज नितीश कुमार रेड्डी ने अपना पहला टेस्ट शतक बनाया। चीन के शेनजेन में किंग्स कप इंटरनेशनल बैडमिंटन ओपन प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में आज भारत के लक्ष्य सेन का मुकाबला चीन के हू झे एन से होगा। भारतीय समय के अनुसार मैच शाम पांच बजे शुरू होगा। 12वीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य सेन ने कल क्वॉर्टर फाइनल में 17वीं वरीयता प्राप्त एंगस का लॉंग को हराया था। लॉंग के साथ चार मुकाबलों में लक्ष्य सेन की यह पहली जीत है।
*****
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 117वीं कड़ी होगी। मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार वेबसाइट और न्यूज़ ऑन ए.आइ.आर. मोबाइल ऐप पर भी प्रसारित किया जाएगा। इसे आकाशवाणी समाचार, डी.डी. न्यूज़, पी.एम.ओ. और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के यू–ट्यूब चैनलों पर भी सीधा प्रसारित किया जाएगा।
*****
बिहार लोकसेवा आयोग-बी.पी.एस.सी. ने कहा है कि 70वीं एकीकृत संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता परीक्षा-2024 निरस्त नहीं की जाएगी। बी.पी.एस.सी. के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने इस बात की पुष्टि की है। श्री सिंह ने कहा कि परीक्षा निर्धारित समय पर होगी और अभ्यर्थी दो जनवरी 2025 से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
*****
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार दिल्ली के निगम बोध घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।
- राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, अन्य गणमान्य व्यक्ति और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने डॉ. सिंह को अंतिम विदाई दी।
- गृह मंत्रालय ने कहा–केन्द्र सरकार डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित करेगी।
- महाराष्ट्र के पालघर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय रेलगाडी की चपेट में आने से दो लोगों की मौत।
- मौसम विभाग ने आज मध्य प्रदेश में आंधी और ओलावृष्टि का अनुमान व्यक्त किया।
- और, हैदराबाद में-इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में, ईस्ट बंगाल का मुकाबला आज हैदराबाद फुटबॉल क्लब से होगा।
*****