Download
Mobile App

android apple
signal

December 8, 2024 3:49 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • सीरियाई विद्रोहियों के राजधानी दमिश्‍क पर कब्‍जे की खबरों के बीच राष्‍ट्रपति बशर- अल-असद देश छोड़कर अज्ञात स्‍थान पर गए।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा की सुरक्षा, घुसपैठ रोकने और वामपंथी उग्रवाद से निपटने में सीमा सुरक्षा बल की भूमिका की सराहना की।

  • विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर आज बहरीन में मनामा संवाद में भाग लेंगे।

  • उत्‍तराखंड में शीतकालीन चार धाम यात्रा शुरू।

  • ऑस्‍ट्रेलिया ने भारत से एडिलेड में बार्डर गावस्‍कर ट्रॉफी श्रृंखला का दूसरा क्रिकेट टेस्‍ट मैच दस विकेट से जीता। पांच मैचों की श्रृंखला एक-एक से बराबर।

  • दुबई में अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट के फाइनल में बांग्‍लादेश ने भारत को जीत के लिए 199 रन का लक्ष्‍य दिया।

——

सीरिया में विद्रोहिओं ने राजधानी दमिष्क पर कब्ज़ा कर लिया है। सरकारी बलों ने विद्रोहियों का कोई विशेष प्रतिरोध नहीं किया। मीडिया की खबरों के अनुसार राष्‍ट्रपति बशर-अल-असद देश छोड़कर किसी अज्ञात स्‍थान पर चले गए हैं। एक रिपोर्ट-

 

राष्‍ट्रपति बशर-अल-असद के शासन का नाटकीय पतन पश्चिमी एशियाई राजनीति में एक भूकंप के समान है। इससे संभावित रूप से रूस और ईरान दोनों का प्रभाव कमजोर हुआ है, जिन्हें लंबे समय से सीरिया का महत्वपूर्ण क्षेत्रीय सहयोगी माना जाता रहा है। हयात तहरीर अल-शाम के कमांडर अबू मोहम्मद अल-जुलानी, इस घटना में एक प्रमुख नेता के रूप में उभरे हैं, जो सीरिया के प्रधानमंत्री मोहम्मद जलाली के साथ सीधे संपर्क में हैं। प्रधानमंत्री जलाली ने स्वतंत्र चुनावों का आह्वान किया है और तत्काल बदलाव के दौरान विद्रोही नेताओं के साथ काम करने की इच्छा व्यक्त की है। इस बीच कतर, सऊदी अरब, जॉर्डन, मिस्र, इराक, ईरान, तुर्की और रूस ने एक संयुक्त बयान में स्थिति को “खतरनाक घटना” बताया है और एक राजनीतिक समाधान की वकालत की है। विद्रोहियों ने सभी कैदियों की रिहाई की घोषणा की है और औपचारिक हस्तांतरण की व्यवस्था होने तक वर्तमान प्रधानमंत्री की देखरेख में सरकार के संचालन की बात कही है। दूरसंचार मंत्री ने हामा में इंटरनेट सेवाओं की बहाली और देश भर में इसके सामान्य संचालन की पुष्टि की है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं मुकेश कुमार।

 

इस बीच लेबनान ने कहा है कि वह बेरूत को दमिश्‍क के साथ जोड़ने वाली सीमा को छोड़कर सीरिया के साथ लगी अपनी सभी ज़मीनी सीमाओं को बंद कर रहा है। जॉर्डन ने भी सीरिया के साथ लगी अपनी सीमा बंद कर दी है।

——

गृह मंत्री अमित शाह ने देश की सीमा की सुरक्षा, घुसपैठ रोकने और वामपंथी उग्रवाद से निपटने में सीमा सुरक्षा बल की भूमिका की सराहना की है। गृहमंत्री ने कहा है कि सीमा सुरक्षा बल छह दशकों से देश की सीमा सुरक्षा को मजबूत करने में लगी है। जोधपुर में आज सीमा सुरक्षा बल के 60वें स्‍थापना दिवस में श्री शाह ने कहा कि वर्ष 1965 से देश की पूर्वी और पश्चिमी सीमाओं को सुरक्षित रखने में सीमा सुरक्षा बल ने उत्‍कृष्‍ट कार्य किया है।

 

सीमा सुरक्षा बल ने हमारी सुरक्षा को चाक चौबंद रखा है और एक देश की बढ़ती हुई सुरक्षा जरूरी या तो आपके बगैर ये पूरी करना असंभव है। इसीलिए 25 बटालियन से शुरू हुआ ये बल आज 193 बटालियनों तक पहुंचा है और दो लाख 70 हजार जवानों की संख्‍या वाला एक विश्‍व का सबसे बड़ा सीमा रक्षक बल है, इसका पूरे भारत को गौरव है।

 

गृहमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में देश के सुरक्षा परिदृश्‍य में बड़ा बदलाव आया है। श्री अमित शाह ने कहा कि भारत सरकार ने सीमा पर बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्‍यान दिया है और इसके लिए हर वर्ष बजट में विशेष प्रावधान किया जाता है। उन्‍होंने कहा कि सरकार ने सीमा पर स्थित गांवों के लिए जीवंत ग्राम योजना शुरू की है, जिससे सीमावर्ती गांवों में रहने वाले लोगों को सम्‍मान, रोजगार और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्‍ध करायी जा सके।

——

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल राजस्‍थान और हरियाणा जाएंगे। राजस्‍थान में प्रधानमंत्री जयपुर प्रदर्शनी और सम्‍मेलन केन्‍द्र में राइजिंग राजस्‍थान ग्‍लोबल समिट 2024 का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर श्री मोदी लोगों को सम्‍बोधित भी करेंगे।

 

प्रधानमंत्री हरियाणा के पानीपत में बीमा सखी योजना की शुरुआत करेंगे। यह योजना 18 से 70 वर्ष की दसवीं पास महिलाओं को सशक्‍त बनाने के लिए है। प्रधानमंत्री हरियाणा के करनाल में महाराणा प्रताप बागवानी विश्‍वविद्यालय के मुख्‍य परिसर का शिलान्‍यास भी करेंगे।

——

केंद्रीय पत्‍तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि भारत वर्ष 2047 तक विश्‍व के शीर्ष दस समुद्रतटीय बंदरगाह गतिविधियों वाले देशों में शामिल हो जाएगा।

 

श्री सोनोवाल ने कल चेन्‍नई में कामराजार पोर्ट ट्रस्‍ट के रजत जयंती समारोह में भाग लिया। उन्‍होंने कामराजार बंदरगाह पर पांच सौ 45 करोड रूपये की लागत से बनने वाले कैपिटल ड्रेजिंग, एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र की आधारशिला भी रखी।

——

विदेश मंत्री डॉक्‍टर सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर आज कतर की राजधानी दोहा में मनामा संवाद में भाग लेंगे। हमारे संबाददाता ने बताया है कि आतंकरोधी रणनीतियों और क्षेत्रीय संघर्षों जैसे जटिल सुरक्षामुद्दों के राजनयिक समाधान के लिए मनामा संवाद एक महत्‍वपूर्ण मंच है।  

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर मनामा संवाद के समापनपूर्ण सत्र को सम्बोधित करेंगे । इस सत्र में चेक गणराज्य के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार टॉमस पोजर और बहरीन के विदेश मामलों के मंत्री डॉ. अब्दुल्लातिफ बिन राशिद अल ज़यानी भी भाग लेंगी। आईआईएसएस के महानिदेशक डॉ. बास्टियन गिगेरिच की अध्यक्षता में इस सत्र में क्षेत्रीय रणनीतिक सहयोग के भविष्य पर चर्चा होगी। डॉ. जयशंकर अपने चार दिवसीय पश्चिम एशियाई दौरे के दूसरे चरण में बहरीन के विदेश मंत्री डॉ. अब्दुल्लातिफ बिन राशिद अल ज़यानी के साथ चौथे भारत-बहरीन उच्च संयुक्त आयोग की सह-अध्यक्षता भी करेंगे। यह मंत्रिस्तरीय बैठक द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण स्पेक्ट्रम की समीक्षा करेगी और भारत और बहरीन के बीच बहुमुखी संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा करेगी। आईआईएसएस द्वारा आयोजित मनामा डायलॉग, पश्चिम एशिया में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा चर्चा के लिए एक प्रमुख मंच है। डायलॉग का इस वर्ष का विषय है ‘क्षेत्रीय समृद्धि और सुरक्षा को आकार देने में मध्य पूर्व नेतृत्व’, दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

——

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आज से रूस की तीन दिन की यात्रा पर जाएंगे। श्री राजनाथ मॉस्‍को में रूस के रक्षामंत्री आंद्रे बेलोसोव के साथ सेना और सैन्‍य प्रौद्योगिकी सहयोग पर भारत-रूस अंतर सरकारी आयोग की 21वीं बैठक की सहअध्‍यक्षता करेंगे।

——

भारतीय वायु सेना की पश्चिमी कमान के कमांडरों का दो दिन का सम्‍मेलन कल नई दिल्‍ली में सम्‍पन्‍न हो गया। सम्‍मेलन में वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह ने पश्चिमी कमान के कमांडरों के साथ चर्चा की। उन्‍होंने युद्ध कौशल में जीत हासिल करने की क्षमता हासिल करने के लिए प्रशिक्षण की आवश्‍यकता के बारे में विचार-विमर्श किया।

 

उन्‍होंने इस वर्ष के विषय भारतीय वायु सेना- सशक्‍त, सक्षम आत्‍मनिर्भर पर बल लिया। 

——

थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कल उधमपुर में उत्तरी कमान मुख्यालय में तीनों सेनाओं की बैठक की अध्यक्षता की। जनरल उपेंद्र द्विवेदी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में परिचालन तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई। बैठक में तीनों सेनओं और भारत तिब्बत सीमा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

 

सेना प्रमुख हाल ही में शामिल किए गए अत्याधुनिक हथियारों और उपकरणों का भी निरीक्षण किया। पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर साप्ताहिक संयुक्त गश्त फिर से शुरू होने के बाद भारत और चीन के बीच तनाव कम होने के बीच यह बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

——

उत्‍तराखंड में बहु-प्रतीक्षित शीतकालीन चारधाम यात्रा शुरू हो गई है। इस दौरान श्रद्धालुओं को चारों पवित्र धामों के शीतकालीन निवास स्‍थल जाने का अवसर मिलता है। मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने रूद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ में ओंकारेश्‍वर मंदिर में यात्रा का आधिकारिक रूप से उद्घाटन किया। सर्दी के मौसम में यह भगवान केदारनाथ की मूर्ति का निवास स्‍थल है। इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री ने शीतकालीन चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बढ़ाने की सरकार प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की।

 

सभी श्रद्धालु, तीर्थ यात्री, पर्यटक उनकी यात्रा भी सुगम हो, हम लगातार प्रयास कर रहे हैं कि शीतकालीन प्रवास के दृष्टि से हर सुविधा जो यहां हो सकती है वह हम करें।

 

इसके अतिरिक्‍त, कल शाम रूद्रप्रयाग में आयोजित एक कार्यक्रम में श्री पुष्‍कर सिंह धामी ने बताया की यात्रियों के व्‍यापक प्रबंध के लिए आने वाले दिनों में एक उच्‍च स्‍तरीय बैठक भी की जाएगी।

इस पहल से क्षेत्र में आध्‍यात्मिक पर्यटन को बढावा मिलने की उम्‍मीद है।

——

नई दिल्‍ली के भारत मंडपम में अष्‍टलक्ष्‍मी महोत्‍सव मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्‍य पूर्वोत्‍तर भारत की सांस्‍कृतिक विविधता और विरासत को संरक्षित करना है। तीन दिन के इस कार्यक्रम का समापन आज होगा।

——

भारत के एकीकृत भुगतान प्रणाली-यू पी आई ने वित्तीय समावेशन को बढ़ाने और समान आर्थिक विकास को बढ़ावा देने में सफलता प्राप्त की है। भारतीय प्रबन्धन संस्थान और इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस के एक अध्ययन के अनुसार, यूपीआई ने वंचित समूहों को औपचारिक ऋण तक पहुँचने में सक्षम बनाया है। वर्ष 2016 में शुरू यू पी आई ने देश में वित्‍तीय लेन-देन के स्वरूप को बदल दिया है।

——

चंडीगढ़ एक सुरक्षित समाज सुनिश्चित करने और तीन नए आपराधिक कानूनों के पूर्ण कार्यान्वयन के माध्यम से दंड से न्याय तक का सफर तय करके भारत के विकास में योगदान देने वाले पहले केंद्र शासित प्रदेशों में से एक बन गया है। तीन कानूनों- भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की अवधारणा, औपनिवेशिक युग के कानूनों को हटाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दृष्टिकोण से प्रेरित रही है। चंडीगढ़ ने पांच महीने के भीतर यह उपलब्धि प्राप्‍त की है।

 

मीडिया को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशक सुरेन्‍दर यादव ने कहा कि ये कानून विकसित भारत को दर्शाते हैं। श्री यादव ने कहा कि अपराध प्रक्रिया संहिता, भारतीय दंड संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लोगों की आवश्‍यकताओं के अनुरूप नहीं थे।

——

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 10 विकेट से हराकर बॉर्डर-गावस्कर क्रिकेट ट्रॉफी का दूसरा टेस्ट जीत लिया है। मेजबान टीम ने भारत को दूसरी पारी में 175 रन पर आउट करने के बाद बिना किसी नुकसान के 19 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ पांच मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर हो गई है।

 

दुबई में, अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में बांग्लादेश ने भारत को जीत के लिए 199 रनों का लक्ष्य दिया है। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम 198 रन पर आउट हो गई। इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत अंडर-19 की अगुआई मोहम्‍मन अमार कर रहे हैं, जबकि बांग्‍लादेश की अगुआई अजीजुल हकीम तामिन कर रहे हैं। रिकॉर्ड आठ बार खिताब जीत चुकी भारत की नजर आज नौवीं बार खिताब जीतने पर होगी।

 

सिंगापुर में फिडे विश्व शतरंज चैंपियनशिप में आज, भारतीय ग्रैंडमास्टर डी. गुकेश और मौजूदा विश्व चैंपियन चीन के डिंग लिरेन के बीच 11वीं बाजी खेली जाएगी। मैच कुछ देर में 2 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा। इससे पहले कल दोनों खिलाडियों के बीच 10वीं बाजी भी ड्रा रही। प्रतियोगिता में लिरेन और गुकेश 5-5 अंक के साथ बराबरी पर हैं।

 

ओमान के मस्‍कत में जूनियर एशिया कप महिला हॉकी टूर्नामेंट में आज भारत का सामना बंगलादेश से होगा। प्रतियोगिता में कल ग्रुप ए के मुकाबले में चीन ने बांग्‍लादेश को 19-0 से पराजित किया वहीं, मलेशिया ने थाईलैंड को तीन-शून्‍य से हराया। ग्रुप बी में जापान ने श्रीलंका को 15-0 से शिकस्‍त दी।

——

जम्‍मू-कश्‍मीर में कल इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही। पूरी कश्‍मीर घाटी में न्‍यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक हल्‍की वर्षा और हिमपात का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। कश्‍मीर में शोपियां जिला सबसे ठंडा रहा। यहां तापमान शून्‍य से चार दशमलव पांच डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

——

राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में आ गयी है। आज दोपहर एक बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक-एक्‍यूआई 284 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार राजधानी के कुछ क्षेत्रों में एक्‍यूआई 300 का आंकड़ा पार कर गया है।

 

मौसम विभाग ने दिल्‍ली और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो दिन तक सुबह और शाम के समय स्मॉग और हल्‍का कोहरा छाए रहने की संभावना व्‍यक्‍त की है। 

——

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • सीरियाई विद्रोहियों ने राजधानी दमिश्‍क पर कब्‍जा किया। इन खबरों के बीच राष्‍ट्रपति बशर- अल-असद देश छोड़कर अज्ञात स्‍थान पर गए।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने सीमा की सुरक्षा, घुसपैठ रोकने और वामपंथी उग्रवाद से निपटने में सीमा सुरक्षा बल की भूमिका की सराहना की।

  • विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर आज बहरीन में मनामा संवाद में भाग लेंगे।

  • उत्‍तराखंड में शीतकालीन चार धाम यात्रा शुरू।

  • ऑस्‍ट्रेलिया ने भारत से एडिलेड में बार्डर गावस्‍कर ट्रॉफी श्रृंखला का दूसरा क्रिकेट टेस्‍ट मैच दस विकेट से जीता। पांच मैचों की श्रृंखला एक-एक से बराबर।

  • दुबई में अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट के फाइनल में बांग्‍लादेश ने भारत को जीत के लिए 199 रन का लक्ष्‍य दिया।

——