Download
Mobile App

android apple
signal

November 23, 2024 3:35 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन भारी जीत की ओर। झारखंड में झामुमो के नेतृत्व वाला इंडिया गठबंधन सत्ता में वापसी की ओर।

  • महाराष्ट्र में प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजीत पवार आगे जबकि एनसीपी के नवाब मलिक और जीशान बाबा सिद्दीकी तथा कांग्रेस के बालासाहेब थोराट और पृथ्वीराज चव्हाण पीछे।

  • झारखंड में प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बाबूलाल मरांडी, चंपाई सोरेन आगे चल रहे हें जबकि कल्पना सोरेन पीछे चल रही हैं।

  • कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने वायनाड लोकसभा उपचुनाव में भारी बढ़त की ओर नांदेड़ लोकसभा सीट पर भाजपा आगे।

  • विधानसभा की 46 सीटों पर हुए उपचुनावों में भाजपा उत्‍तर प्रदेश की 9 सीटों में से छह पर और राजस्‍थान में सात में से चार सीटों पर आगे। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस ने छह में से चार सीटें जीती और दो पर आगे। पंजाब में सत्‍ताधरी आम आदमी पार्टी ने एक सीट जीती और दो पर आगे।

  • अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने स्कॉट बेसेंट को अपना वित्त मंत्री नामित किया।

  • क्रिकेट में, पर्थ में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया पर 152 रन की बढ़त बनाई। 

**********

झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव तथा 13 राज्यों की 46 विधानसभा सीटों और दो लोकसभा सीट के उपचुनाव की मतगणना जारी है।

**********

महाराष्‍ट्र में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्‍व में महायुति गठबंधन जबर्दस्‍त जीत की ओर बढ़ रहा है। जे एम एम के नेतृत्‍व में आई एन डी आई ए का झारखण्‍ड में सत्‍ता बरकरार रखना तय है। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के नौ परिणाम मिल गए हैं। तीन भारतीय जनता पार्टी, तीन शिवसेना शिंदे और और दो राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पक्ष में गए है। एन सी पी शरद पवार ने एक सीट जीतीं।

 

 

वाडाला सीट से भाजपा उम्‍मीदवार कालीदास नीलकंठ कोलाम्‍बकर ने शिवसेना उद्धव की उम्‍मीदवार श्रद्धा श्रीधर जाधव को 24 हजार नौ सौ 73 वोटों से हराया। रूझान और परिणाम के अनुसार गठबंधनों की स्थिति इस प्रकार है।

 

महायुति 228

 

महा विकास अघाड़ी 56

 

और अन्‍य 04 सीटों पर आगे चल रहे हैं।

*************

महाराष्‍ट्र में मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप-मुख्‍यमंत्री देवेन्‍द्र फडणवीस, अजित पवार सहित प्रमुख उम्‍मीदवार बढत बनाए हुए हैं। एन सी पी के नवाब मलिक और जीशान बाबा सिद्धकी, कांग्रेस के बाला साहिब थोराट और पृथ्‍वी राज चौहान पीछे हैं। कोपरी-पचपखड़ी सीट पर मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे 70 हजार सात सौ से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। नागपुर दक्षिण-पश्चिम सीट पर पूर्व मुख्‍यमंत्री देवेन्‍द्र फडणवीस 24 हजार से अधिक वोटों से बढत बनाए हुए हैं। बारामती से अजित पवार 60 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। वर्ली से आदित्‍य ठाकरे सात हजार से अधिक वोटों से आगे हैं। माहिम से एम एन एस प्रमुख राज ठाकरे के पुत्र अमित ठाकरे पीछे चल रहे हैं। यहां से शिवसेना उद्धव गुट के महेश बलिराम सावंत चार हजार आठ सौ से अधिक वोटों से आगे हैं और लातूर अर्बन सीट से स्‍वर्गीय विलास राव देशमुख के पुत्र अमित देशमुख दस हजार से अधिक वोटों से आगे हैं।

**********

 

अधिक जानकारी के लिए सीधा रूख करते हैं मुंबई में हमारी संवाददाता अपर्णा के पास। अपर्णा, महाराष्‍ट्र में भाजपा के नेतृत्‍व वाला महायुति गठबंधन भारी जीत की ओर है। क्‍या कहना है आपका इस बारे में –

 

अभी-अभी जो रूझान हमारे सामने है इससे बिल्कुल स्पष्ट हो रहा है कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में महायुति जो है 220 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है और एक बड़ी जीत की ओर है। काफी जगह पर जीत का जश्न भी शुरू हो चुका है, चाहे उत्तर महाराष्ट्र हो पश्चिम महाराष्ट्र हो मराठवाड़ा हो महायुति के उम्मीदवार जीत तय कर चुके हैं। विदर्भ क्षेत्र में भी महायुति के प्रदर्शन में पिछली बार की तुलना में काफी सुधार दिखाई दिया है। अगर हम देखें तो पश्चिम महाराष्ट्रा और उत्तरी और विदर्भ क्षेत्र के आदि जाति पॉकेट्स को छोड़कर लगभग सभी जगह पर महायुति जो है अपनी जीत तय कर चुकी है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जो थाने की कोपरी पांचपकरी सीट से जीत निश्चित कर चुके हैं उन्होंने अभी लोगों को धन्यवाद दिया है। जहां तक नांदेड लोकसभा उपचुनाव की बात है उपचुनाव के लिए भी मतगणना जारी है और बीजेपी के डॉ. संतुक राव हंबर्डे कांग्रेस के रविंद्र चौहान से काफी अंतर से आगे हैं।

 

**********

झारखंड में विधानसभा की सभी 81 सीटों के रूझान मिल रहे हैं। 

 

इंडिया ब्‍लॉक 55,

एन डी ए 25

और अन्‍य 01 सीट पर आगे हैं।

इंडिया ब्‍लॉक में

 झारखण्‍ड मुक्ति मोर्चा – 33

कांग्रेस – 16

आर जे डी 05

और सी पी आई एम- माले लेनिन 01 सीट पर आगे हैं।

एन डी ए में

भाजपा 22

आजसू – 01

एल जे पी रामविलास 01

जनता दल यूनाइटेड 01 सीट पर आगे चल रही है। 

*************

झारखण्‍ड में मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन, बाबू लाल मरांडी और चंपाई सोरेन सहित प्रमुख उम्‍मीदवार आगे हैं। हुसैनाबाद से प्रदेश आर जे डी प्रमुख संजय कुमार सिंह यादव 19 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। लोहरदगा से राज्‍य के मंत्री और पूर्व सांसद कांग्रेस उम्‍मीदवार रामेश्‍वर ओरावं 27हजार नौ सौ से अधिक वोटों से बढत बनाए हुए हैं। बारहैट से मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन 18 हजार तीन सौ से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं। चंदनकियारी से भाजपा उम्‍मीदवार और वर्तमान विधानसभा में विपक्ष के नेता अमर कुमार बाओरी पीछे चल रहे हैं। इस सीट पर झारखण्‍ड मुक्ति मोर्चा उम्‍मीदवार उमाकांत रजक 31 हजार से अधिक वोटों से बढत बनाए हुए हैं। सिल्‍ली सीट से आजसू प्रमुख सुदेश मेहतो पीछे चल रहे हैं। यहां से झारखण्‍ड मुक्ति मोर्चा के अमित कुमार पांच हजार नौ सौ से अधिक वोटों से बढत बनाए हुए हैं। गांडेय सीट से मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्‍नी कल्‍पना मुर्मु सोरेन पीछे चल रहीं हैं। इस सीट पर भाजपा उम्‍मीदवार मुनिया देवी सात हजार छह सौ से अधिक वोटों से आगे चल रही हैं और दुमका सीट से मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन के भाई बसंत सोरेन पीछे चल रहे हैं। यहां से भाजपा उम्‍मीदवार सुनील सोरेन दो हजार से अधिक वोटों से आगे हैं।

*************

और जानकारी के लिए चलते हैं रांची में मौजूद है हमारी संवाददाता शिल्‍पी के पास। शिल्‍पी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्‍व वाले इंडिया गठबंधन जो स्थिति है उसे देखकर क्‍या लग रहा है आपको।

 

जी कनकलता, आपको बता दें की झारखण्ड में अब तक मिलें रुझानों के अनुसार झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की स्थिति मजबूत बनी हुयी है। ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक अब तक झामुमो को 31, कांग्रेस को 14, राजद को 4 और सी पी आई माले को 1 सीट पर बढ़त बनती दिख रही है। वही एनडीए गठबंधन के मुख्य दल भाजपा को 26, आजसू को 1, लोजपा रामविलास को 1 और जदयू को 1 सीट पर बढ़त मिली है। इसके साथ ही इस चुनाव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री चम्पई सोरेन दोनों ही अपने सीट बरहेट और सराईकेला से बढ़त बनाये हुए है। विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो भी अपनी सीट नाला से आगे चल रहे है। झारखण्ड चुनाव में सबसे अच्छा प्रदर्शन राष्ट्रीय जनता दल ने किया है जिसने अभी तक 4 सीटों पर बढ़त बनायी हुई है।

 

**********

भाजपा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में पार्टी की सफलता का श्रेय उनकी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को दिया है। नई दिल्ली में पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने मीडिया से कहा कि राज्य के लोगों ने भाजपा और उसके गठबंधन सहयोगियों द्वारा किए गए कार्यों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के पक्ष में मतदान किया है।

 

अभी तक महाराष्ट्र के जो नतीजे दिख रहे हैं वह शानदार तरीके से भारतीय जनता पार्टी और महायुति के पक्ष में है। भारतीय जनता पार्टी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दिखाई पड़ रही है और इसका मुख्य कारण में मानता हूं सरकार के द्वारा किए गए शानदार विकास के कार्य। भाजपा और सहयोगी दलों के संगठन कार्यकर्ताओं द्वारा की गई जी तोड़ मेहनत, हमारे प्रदेश नेतृत्व के शानदार कार्य और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की विश्वसनीयता जो जनता में है उसे कारण से भाजपा गठबंधन को ये शानदार सफलता मिल रही है।

 

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने महाराष्ट्र के रुझानों पर निराशा व्यक्त की है। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में उन्‍होंने कहा कि रुझान स्पष्ट रूप से पार्टी के पक्ष में नहीं हैं और पार्टी इस संबंध में आत्ममंथन करेगी। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह संतोष की बात है कि झारखंड में इंडिया गठबंधन अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।

 

 

इसमें मुझे कोई संशय नहीं है कि हम शायद महाराष्ट्र में बहुत ज्यादा बैटर कर सकते थे लेकिन इस बात की खुशी है कि झारखंड में हमारी परफॉर्मेंस अच्छी रही है इस बात की भी खुशी है कि झारखंड में हमारी सरकार रिपीटेशन करने जा रहे हैं। हम सबक सिखते हैं इलेक्शन से और ड्राइंग बोर्ड पर जाकर हम देखेंगे कि क्या हुआ। महाराष्ट्र का इलेक्शन बिल्कुल डिसएप्वाइंटिंग है लेकिन झारखंड एक उम्मीद है और एक आशा है।

**********

परिणामों को लेकर भाजपा और कांग्रेस मुख्‍यालय में माहौल पर बात करते है हमारे संवाददाता दीपेंद्र कुमार से। दीपेंद्र दिल्‍ली में क्‍या राजनीतिक हलचल हैं।

**********

केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रियंका गांधी लगातार आगे चल रही हैं। यहां की पलक्कड़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी राहुल ममकूटथिल जीत गए हैं। चेलक्करा सीट पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (एम) आगे चल रही है। महाराष्ट्र की नांदेड लोकसभा सीट पर भाजपा के डॉक्टर संतुक हंबार्डे बढ़त बनाए हुए हैं। उत्तर प्रदेश की मीरापुर सीट पर राष्ट्रीय लोकदल, कुंदरकी, फूलपुर, कटेहरी, मझावन, गाजियाबाद और खैर सीट पर भाजपा तथा करहल और शीशमऊ सीट पर समाजवादी पार्टी बढ़त बनाए हुए है। उत्तराखंड की केदारनाथ सीट पर भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल जीत गई हैं। मध्य प्रदेश की बुधनी सीट पर भारतीय जनता पार्टी औऱ विजयपुर पर कांग्रेस प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। छत्तीसगढ़ की रायपुर दक्षिण सीट पर भाजपा बढ़त बनाए हुए है। गुजरात की वाव विधानसभा सीट पर कांग्रेस आगे है। पंजाब की बरनाला विधानसभा सीट पर कांग्रेस के कुलदीप सिंह ढिल्लन ने जीत गए हैं। आम आदमी पार्टी ने छब्बेवाल सीट पर जीत दर्ज की है। अन्य दो पर आप उम्मीदवार आगे हैं। कर्नाटक में तीनों सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। असम की बेहाली सीट भाजपा ने जीती है। धोलाई सीट पर भाजपा आगे है। सिड़ली पर युनाइटेड पीपुल्स पार्टी-लिबरल, बोंगईगांव सीट पर असम गण परिषद और सामगुड़ी पर कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है। पश्चिम बंगाल की सिताई, मदारीहाट, हरोआ और नैहाटी सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत हासिल की है। अन्य दो पर भी टीएमसी बढ़त बनाए हुए है। मेघालय की गम्बेगरे सीट पर नेशनल पीपुल्स पार्टी ने जीत दर्ज की है। सिक्किम की सोरेग और नामची सीट पर सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।

**********

राजस्थान की झुंझुनू, रामगढ़, देवली-उनियारा, सलूंबर और खिंवसर सीट पर भाजपा बढ़त बनाए हुए है। चौरासी सीट पर भारत आदिवासी पार्टी के अनिल कटारा चुनाव जीत गए हैं। कांग्रेस केवल दौसा सीट पर आगे है।

**********

अमरीका के नव-निर्वाचित राष्‍ट्रपति डॉनाल्‍ड ट्रम्‍प ने घोषणा की है कि स्‍कॉट बैसेंट उनकी सरकार में वित्‍त मंत्री होंगे। श्री बेसेंट निवेश कम्‍पनी की स्‍क्‍वॉयर कैपिटल मैनेजमेंट के संस्‍थापक हैं और पिछले एक वर्ष में वे श्री ट्रम्‍प के प्रमुख आर्थिक सलाहकार के रूप में उभरे हैं।

**********

55वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो-सीएमओटी प्रतियोगिता का समापन भारी उत्साह के साथ हुआ। 5 टीमों में बंटे 100 प्रतिभागियों को 48 घंटे में एक लघु फिल्म बनाने का काम सौंपा गया था। इस वर्ष के सीएमओटी प्रतियोगिता का विषय था प्रौद्योगिकी के युग में संबंध

**********

भारत ने अर्मेनिया में विश्व सैन्य चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य समेत कुल सात पदक जीते हैं। भारत की रीतिका हुड्डा ने महिलाओं के 76 किलोग्राम वर्ग में, ज्योति सिहाग ने 55 किलोग्राम वर्ग में और जयदीप ने पुरुषों के 74 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में स्वर्ण पदक जीता है।

**********

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के सभी नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार वेबसाइट और news on air मोबाइल ऐप पर प्रसारित होगा।

*******

भारत ने ऑस्ट्रेलिया के साथ आज पर्थ में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले क्रिकेट टेस्ट मैच के दूसरे दिन अपनी दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 115 रन बना लिए है। इसके साथ ही भारत की बढत अब 161 रन की हो गई है। 

*********

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन भारी जीत की ओर। झारखंड में झामुमो के नेतृत्व वाला इंडिया गठबंधन सत्ता में वापसी की ओर।

  • महाराष्ट्र में प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजीत पवार आगे जबकि एनसीपी के नवाब मलिक और जीशान बाबा सिद्दीकी तथा कांग्रेस के बालासाहेब थोराट और पृथ्वीराज चव्हाण पीछे।

  • झारखंड में प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बाबूलाल मरांडी, चंपाई सोरेन आगे चल रहे हें जबकि कल्पना सोरेन पीछे चल रही हैं।

  • कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने वायनाड लोकसभा उपचुनाव में भारी बढ़त की ओर नांदेड़ लोकसभा सीट पर भाजपा आगे।

  • विधानसभा की 46 सीटों पर हुए उपचुनावों में भाजपा उत्‍तर प्रदेश की 9 सीटों में से छह पर और राजस्‍थान में सात में से पांच सीटों पर आगे। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस छह सीटों में से चार सीटें जीती और दो पर आगे। पंजाब में सत्‍ताधरी आम आदमी पार्टी एक सीट जीती और दो पर आगे।

  • अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने स्कॉट बेसेंट को अपना वित्त मंत्री नामित किया।

  • क्रिकेट में, पर्थ में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया पर 161 रन की बढ़त बनाई।

  •  येरेवन में विश्व सैन्य चैंपियनशिप में 3 स्वर्ण सहित 7 पदक हासिल किए। 

**********