मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- आज पूरी दुनिया भारतीय युवाओं की क्षमता के प्रति आकर्षित है। स्वामीनारायण मंदिर की 200वीं वर्षगांठ पर गुजरात के वड़ताल में आयोजित समारोह को संबोधित किया।
- झारखंड में पहले चरण के विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का आज अंतिम दिन। सभी राजनीतिक दलों के नेता प्रचार में जुटे।
- न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने भारत के 51वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।
- अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मौजूदा रूस-यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने का आग्रह किया।
- संयुक्त राष्ट्र का 29वां वार्षिक जलवायु परिवर्तन सम्मेलन आज से अज़रबैजान के बाकू में शुरू हुआ।
- ऑस्ट्रेलियाई फिल्मकार फिलिप नोइस को इस वर्ष भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में सत्यजीत रे लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
—–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आज पूरी दुनिया भारतीय युवाओं की क्षमता के प्रति आकर्षित है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के ज्यादातर नेताओं की अपेक्षा है कि उनके देश में कुशल जनशक्ति- भारतीय युवा काम करें। श्री मोदी आज सवेरे गुजरात के वडताल में श्री स्वामीनारायण मंदिर की 200वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं की वैश्विक मांग और बढ़ने वाली है।
आज हमारे युवाओं के सामने एक बहुत बडा उद्देश्य उभरकर आया है। पूरा देश एक निश्चित लक्ष्य को लेकर आगे बढ रहा है। ये लक्ष्य है विकसित भारत का इसके लिए हमे सशक्त, समर्थ और शिक्षित युवाओं का निर्माण करना होगा। विकसित भारत के लिए हमारे युवा सशक्त होने चाहिए। स्किल्ड युवा हमारी सबसे बडी ताकत बनेंगे।
प्रधानमंत्री ने इस बात पर खुशी व्यक्त की कि सरकार ने इस अवसर पर 200 रुपये का चांदी का सिक्का और स्मारक डाक टिकट जारी किया है।
भारत सरकार ने इस मौके पर 200 रुपये का चांदी का एक सिक्का और स्मारक डाक टिकट जारी किया है। ये प्रतीक चिन्ह आने वाली पीढियों के मन में इस महान अवसर की स्मृतियों को जीवंत करते रहेंगे।
श्री मोदी ने कहा कि लोगों ने 200 वर्ष पहले भगवान स्वामीनारायण द्वारा स्थापित वडताल धाम की आध्यात्मिक चेतना को जीवित रखा है। श्री मोदी ने कहा कि यह अवसर लोगों के लिए भारतीय संस्कृति के शाश्वत प्रवाह का प्रमाण है।
ये द्विशताब्दी समारोह ये केवल एक आयोजन का इतिहास की तारीख नहीं है हर व्यक्ति के लिए यह अवसर भारतीय संस्कृति के शाश्र्वत प्रवाह का प्रमाण है। 200 साल पहले जिस वडताल धाम की स्थापना भगवान श्री स्वामीनारायण ने की थी हमने आज भी उसकी आध्यात्मिक चेतना को जागृत रखा है। हम आज भी भगवान श्री स्वामीनारायण की शिक्षाओं को उनकी ऊर्जा को अनुभव कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से विकसित भारत के दृष्टिकोण को अपनाने और अगले 25 वर्ष में इसे हासिल करने में सक्रिय रूप से योगदान देने का आग्रह किया है। उन्होंने कुशल श्रमिकों की एक नई पीढ़ी विकसित करने के लिए सरकार के महत्वपूर्ण प्रयासों को रेखांकित किया।
—–
झारखंड में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। इस चरण में 43 निर्वाचन क्षेत्रों में इस महीने की 13 तारीख को मतदान होगा। एनडीए और इंडिया ब्लॉक दोनों के स्टार प्रचारक अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार के लिए अंतिम प्रयास कर रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत‘ अभियान के तहत झारखंड में पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की। श्री मोदी ने कहा कि झारखंड के तेज विकास के लिए डबल इंजन की सरकार जरूरी है। पार्टी की संगठनात्मक क्षमता का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा खुद संगठन पर आधारित है, इसलिए हमारा चुनाव लड़ने का तरीका संगठन और कार्यकर्ताओं पर आधारित है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल ने बड़े-बड़े वादे किये, लेकिन आज झारखंड की जनता देख रही है कि उनके अधिकतर वादे झूठे हैं।
आपकी मेहनत ने विपक्षी दल जेएमएम, कांग्रेस, आरजेडी की नींद उड़ा दी है। झारखंड को हमें इनके भ्रष्टाचार, माफियावाद, कुशासन से मुक्त कराना है। झारखंड वन संपदा और खनिज संपदा से भरपूर क्षेत्र है। यहां कितनी ही इंडस्ट्रीज है, झारखंड समृद्ध राज्य है लेकिन झारखंड के लोगों को गरीब रखा गया है।
उधर, झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पलामू के हुसैनाबाद में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए एनडीए सरकार पर राज्य की कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को रोकने का आरोप लगाया.
20 सालों में क्यों भारतीय जनता पार्टी का लोग नहीं दिया, क्यों एनडीए का लोग नहीं दिया, क्यों बूढ़ा-बुजुर्ग लोगों को पेंशन नहीं दिया, क्यों महिलाओं को मजबूत करने के लिए सहायता राशि नहीं दी, क्यों हमारा बिजली का बिल माफ नहीं किया, क्यों किसानों का कर्जा माफ नहीं किया और साथ ही साथ इस राज्य के कर्मचारियों का बुढापे का लाठी इस केंद्र सरकार ने छीन लिया।
इस बीच आज से मतदान कर्मियों को मतदान केंद्रों पर भेजा जा रहा है। मुख्य चुनाव अधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि संवेदनशील माने जाने वाले पांच जिलों पश्चिमी सिंहभूम, लातेहार, लोहरदगा, गढ़वा और गुमला के 225 मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मी भेजे गए हैं। श्री कुमार ने बताया कि मतदान अधिकारियों के आने-जाने के लिए भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों को लगाया गया है।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि अन्य मतदान कर्मियों को कल मतदान केंद्रों पर भेजा जाएगा। इस चरण में 43 निर्वाचन क्षेत्रों में बुधवार को मतदान होगा।
बूथ डिस्पैच शुरू हो रही है पांच जिला पर हम लोग हेलीकॉप्टर के माध्यम से पोलिंग ऑफिसर को एयरक्राप्ट से भेजता है, वेस्ट सिंहभूम, लातेहार, लोहरदग्गा, गुमला, गढवा एरिया पर टोटल 225 बूथ में इंडियन एयरफोर्स के सहयोग से पोलिंग पार्टी ऑफिसर्स की सुरक्षा को लेकर हम लोग इसी तरफ से एक स्टेप लिया था अभी वो कार्यक्रम शुरू हो रही है।
—–
महाराष्ट्र में भी विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार चरम पर है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के नेता नितिन गडकरी आज नागपुर में चार रैलियों को संबोधित करेंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे जालना में प्रचार करेंगे। उप-मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फड़नवीस नागपुर, गोंदिया और मुंबई में चुनाव प्रचार करेंगे।
—–
कांग्रेस ने भाजपा की झारखंड इकाई द्वारा अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किए गए एक विज्ञापन को लेकर निर्वाचन आयोग से सम्पर्क किया है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने आयोग को सौंपे पत्र में आरोप लगाया कि यह विज्ञापन भ्रामक है। उन्होंने कहा कि यह, आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है।
—–
असम में पांच विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। कुल 34 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। कई वरिष्ठ नेता आज सार्वजनिक रैलियां और जनसभाएं कर रहे हैं।
—–
इसके अलावा केरल में वायनाड संसदीय और चेलक्करा आरक्षित विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनावों के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो रहा है। वायनाड और चेलक्करा दोनों में इस महीने की 13 तारीख को मतदान होगा, जबकि पलक्कड़ विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव 20 नवम्बर को होगा। मतगणना 23 नवम्बर को होगी।
—–
न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने आज भारत के 51वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में उन्हें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने न्यायमूर्ति डी.वाई. चंद्रचूड का स्थान लिया है, जो कल सेवानिवृत्त हो गए।
इस समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश सहित अन्य लोग शामिल हुए।
—–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न्यायमूर्ति संजीव खन्ना को भारत के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेने पर शुभकामनाएं दी हैं।
—–
संयुक्त राष्ट्र वार्षिक जलवायु परिवर्तन सम्मेलन-कॉप-29 आज अज़रबैजान के बाकू में शुरू हुआ। दो सप्ताह के इस कार्यक्रम के माध्यम से जलवायु परिवर्तन से प्रभावित और संवेदनशील देशों के लिए नए जलवायु वित्त लक्ष्य को हासिल करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
भारत ने वैश्विक जलवायु वित्त ढांचे को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भारत बाकू में, जलवायु वित्त के लिए एक नए लक्ष्य की तलाश करेगा, जो 2009 में निर्धारित पुराने 100 अरब डॉलर के वार्षिक लक्ष्य से बहुत अधिक है। 2030 पेरिस समझौते के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए भारत को लगभग दो दशमलव पांच ट्रिलियन डॉलर की आवश्यकता होगी।
—–
कोलकाता की सियालदह अदालत में आज आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामले की सुनवाई होगी। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई पहले ही आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है और इसे अदालत ने स्वीकार भी कर लिया है। इस मामले के मुख्य आरोपी संजय राय को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
—–
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने भारत और रूस के बीच व्यापार संबंधों को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला है। वे मुंबई में भारत-रूस बिजनेस फोरम में मुख्य भाषण दे रहे थे। इस अवसर पर रूस के प्रथम उप प्रधान मंत्री डेनिस मंटुरोव तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। डॉ. जयशंकर ने बताया कि फिलहाल दोनों देशों के बीच 66 अरब डॉलर का व्यापार होता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 2030 तक यह एक सौ अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर जाएगा।
—–
भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-आईएफएफआई का 55वां संस्करण 20 नवंबर से गोवा में शुरू होगा। आज नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस वार्ता में सूचना तथा प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने कहा कि आईएफएफआई के लिए फिल्म निर्माताओं और दर्शकों की ओर से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है। डॉ. मुरुगन ने कहा कि यह विश्व के सबसे बड़े फिल्म महोत्सवों में से एक है। उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा देश की अर्थव्यवस्था में बहुत बड़ी भूमिका निभा रहा है।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव संजय जाजू ने कहा कि इस वर्ष का मुख्य ध्यान युवा फिल्म निर्माताओं पर है। उन्होंने कहा कि नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए एक नया पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ भारतीय नवोदित निर्देशक पुरस्कार भी शुरू किया गया है। श्री जाजू ने कहा कि इस साल फोकस देश ऑस्ट्रेलिया है और महोत्सव की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया की फिल्म बेटर मैन के एशिया प्रीमियर के साथ होगी। उन्होंने यह भी बताया कि सत्यजीत रे लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार प्रसिद्ध ऑस्ट्रेलियाई फिल्म निर्माता फिलिप नॉयस को दिया जाएगा। श्री जाजू ने कहा कि इस वर्ष फिल्म महोत्सव में एक सौ एक देशों से एक हजार छह सौ 76 प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं। महोत्सव के लिए 81 देशों की एक सौ 80 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों का चयन किया गया है।
—–
अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हाल में टेलीफोन पर बातचीत की। श्री ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति से यूक्रेन के साथ उसके संघर्ष को किसी भी तरह से बढ़ने से रोकने का आग्रह किया।
—–
आकाशवाणी के द्विभाषी लाइव फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक”में, आज रात 09.30 बजे “वायु प्रदूषण- प्रभाव और शमन” पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में सफदरजंग अस्पताल में श्वसन चिकित्सा विभाग के प्रोफेसर नीरज गुप्ता और वरिष्ठ पर्यावरणविद् मुकुल सनवाल श्रोताओं के प्रश्नों के उत्तर देंगे।
कार्यक्रम के दौरान, श्रोता वायु प्रदूषण के संबंध में हमारे विशेषज्ञों से प्रश्न पूछ सकते हैं। श्रोता टेलीफोन नंबर 011 – 23421050 और 011 – 23314444 पर अपने सवाल पूछ सकते हैं।
—–
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा- आज पूरी दुनिया भारतीय युवाओं की क्षमता के प्रति आकर्षित है। स्वामीनारायण मंदिर की 200वीं वर्षगांठ पर गुजरात के वड़ताल में आयोजित समारोह को संबोधित किया।
- झारखंड में पहले चरण के विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का आज अंतिम दिन। सभी राजनीतिक दलों के नेता प्रचार में जुटे।
- न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने भारत के 51वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।
- अमरीका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डॉनाल्ड ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मौजूदा रूस-यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने का आग्रह किया।
- संयुक्त राष्ट्र का 29वां वार्षिक जलवायु परिवर्तन सम्मेलन आज से अज़रबैजान के बाकू में शुरू हुआ।
- ऑस्ट्रेलियाई फिल्मकार फिलिप नोइस को इस वर्ष भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में सत्यजीत रे लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
—–