केन्द्रीय संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि युग युगीन भारत संग्रहालय देश की यात्रा को दिखाएगा। उन्होंने भारत मंडपम में आयोजित युग युगीन भारत संग्रहालय पर भारत-फ्रांसीसी सहयोगात्मक क्षमतावर्धन कार्यशाला के अंतिम दिन इसमें भाग लिया। श्री शेखावत ने कहा की यह संग्रहालय भारत की समृद्ध विरासत और इसकी प्रगति को दरशायेगा। उन्होंने कहा कि यह पारंपरिक संग्रहालय अनुभव और समावेशिता की भावना को मूर्त रूप देगा। श्री शेखावत ने कहा कि यह लोगों का, लोगों द्वारा और लोगों के लिए एक संग्रहालय होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्कृति मंत्रालय के सचिव गोविंद मोहन ने कहा कि यह संग्रहालय भारत की समृद्ध कला, संस्कृति और विरासत को प्रदर्शित करेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि संग्रहालय आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि नया संग्रहालय सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के हिस्से के रूप में नॉर्थ और साउथ ब्लॉक में बनने जा रहा है। इस संग्रहालय का उद्देश्य नई दिल्ली के रायसीना हिल के पास स्थित भारत के केंद्रीय प्रशासनिक क्षेत्र को पुनर्जीवित करना है। यह संग्रहालय 1 लाख 54 हजार वर्गमीटर में फैला होगा। निर्माण के बाद यह दुनिया का सबसे बड़ा संग्रहालय बन जाएगा।