दिसम्बर 2, 2024 2:51 अपराह्न

printer

मरुस्थलीकरण से निपटने के लिए दुनिया का सबसे बड़ा संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन रियाद में शुरू

मरुस्थलीकरण से निपटने के लिए दुनिया का सबसे बड़ा संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन रियाद में शुरू हो गया है। इसमें वैश्विक नेता, नीति निर्माता और पर्यावरण विशेषज्ञ हिस्‍सा ले रहे हैं।  दो से तेरह दिसंबर तक चलने वाले इस महत्वपूर्ण सम्मेलन का उद्देश्य दुनिया भर में भूमि की गुणवत्‍ता में सुधार और सूखे से उबरने के काम में तेज़ी लाना है।

 

    सम्‍मेलन के दौरान आज रियाद ग्लोबल ड्रॉट रिजिलिएशन इनिशिएटिव की शुरुआत होगी। यह महत्वाकांक्षी कार्यक्रम विभिन्‍न राष्ट्रों द्वारा सामूहिक रूप से सूखे की चुनौतियों का समाधान करने के तरीके को बदलने का प्रयास करता है। इसके साथ ही, सऊदी ग्रीन इनिशिएटिव फोरम में आज और कल हरित क्षेत्र के सैकड़ों अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ और व्यापारिक नेता हिस्‍सा लेंगे।

 

    सम्मेलन के दौरान छह से आठ दिसंबर तक हरित प्रौद्योगिकी पर दूसरा अंतर्राष्ट्रीय फोरम आयोजित किया जाएगा। इसमें पर्यावरण प्रौद्योगिकी और संरक्षण प्रथाओं में नवीनतम प्रगति की खोज पर केंद्रित अनेक सत्र होंगे।

 

    केन्‍द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्‍द्र यादव ने आज रियाद में भारतीय दूतावास में एक पेड़ मां के नाम पहल के तहत पौधारोपण किया।