जनवरी 14, 2026 1:44 अपराह्न | Minister Rajnath Singh

printer

पूर्व सैनिक राष्ट्रीय चेतना के जीवंत स्तंभ, और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पूर्व सैनिक राष्ट्रीय चेतना के जीवंत स्तंभ, सामूहिक साहस के प्रतीक और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस के अवसर पर  आज नई दिल्ली में श्री सिहं ने कहा कि पूर्व सैनिक राष्ट्र निर्माण के हर मोर्चे पर योगदान देते हैं और अनुशासन, नेतृत्व और साहस जैसे गुणों से समाज का मार्गदर्शन करते हैं।

श्री सिंह ने कहा कि पूर्व सैनिकों की वर्दी का रंग और कार्यस्थल भले ही बदल जाए, लेकिन देशभक्ति और सेवा की भावना वही रहती है।उन्‍होंने पूर्व सैनिकों से अपने अनुभवों के माध्यम से युवाओं का मार्गदर्शन करने और अग्निवीरों तथा युवा सैनिकों को सही दिशा दिखाने और जरूरत पड़ने पर प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने का आग्रह किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में पूर्व सैनिकों की भागीदारी से आने वाली पीढ़ियों पर सकारात्मक और स्थायी प्रभाव पड़ सकता है।

श्री सिंह ने पूर्व सैनिकों के जीवन को गरिमापूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। पूर्व सैनिकों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के महत्व पर बल देते हुए उन्‍होंने कहा कि सरकार पूर्व सैनिक अंशदान स्वास्थ्य योजना को लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने ‘वन रैंक वन पेंशन’ की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा कर दिया है।