मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

फ़रवरी 21, 2025 9:46 अपराह्न

printer

USAID फंडिंग परेशान करने वाली है और भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप के बारे में चिंता बढ़ाती है: विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अमरीकी अंतर्राष्ट्रीय विकास एजेंसी की दो करोड दस लाख डॉलर की वित्‍तीय सहायता के बारे में हाल के बयान चिंताजनक हैं। ये बयान भारत के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप के बारे में चिंता पैदा करते हैं। नई दिल्ली में मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि संबंधित विभाग और एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं। श्री जायसवाल ने अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की इस बारे में की गई टिप्पणी पर यह बात कही।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि पनामा में भारतीय मिशन, अमरीका से पनामा और कोस्टा रिका लाए गए भारतीय नागरिकों के संबंध में स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। श्री जायसवाल ने कहा कि संबंधित व्यक्तियों की भारतीयता की पुष्टि के लिए विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक बार सत्यापित होने के बाद, भारतीय नागरिकों को वापस लाया जाएगा। श्री जायसवाल ने कहा कि पनामा भेजे गये लोग अमरीका में अवैध रूप से रह रहे थे। भारतीय निर्वासित लोगों को अमृतसर ले जाने वाली अमरीकी उड़ानों पर प्रवक्ता ने कहा कि भारत ने अमरीका के साथ अपनी चिंताएं साझा की हैं। उन्होंने बताया कि भारत ने इस बात पर बल दिया है कि निर्वासित लोगों के साथ मानवीय व्यवहार किया जाना चाहिए। श्री जायसवाल ने कहा कि 15 और 16 फरवरी को अमृतसर उतरने वाली उड़ानों में बच्चों और महिलाओं का अपमान नहीं किया गया।

श्री जायसवाल ने यह भी कहा है कि केन्‍द्र सरकार, भारत में सभी अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण को उच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने कहा कि नेपाली छात्रा की मृत्‍यु के बाद मंत्रालय ओडिशा सरकार और कलिंग औद्योगिक प्रौद्योगिकी संस्‍थान-के.आई.आई.टी. अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। श्री जायसवाल ने कहा कि मंत्रालय नेपाल सरकार के संपर्क में है। उन्‍होंने कहा कि ओडिशा पुलिस ने आरोपियों समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर मामले दर्ज किये गये हैं।