रेल, सूचना और प्रसारण, इलेक्ट्रानिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज बेंगलुरु में बीईएमएल के परिसर में नवनिर्मित वंदे भारत शयनयान बोगी का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वंदे भारत शयनयान बोगी का नया संस्करण परीक्षण के लिए तैयार है और अगले कुछ दिन में यह संयंत्र से बाहर आ जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले तीन महीने में यात्रियों को इसका लाभ मिलने लगेगा।
उन्होंने बताया कि वंदे भारत शयनयान बोगी में कुर्सी यान के अनुभव से कई सुधार किए गए हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वंदे भारत मेट्रो रेल का परीक्षण भी चल रहा है। स्वदेश में निर्मित वंदे भारत शयनयान बोगी में सीटों और आंतरिक साज-सज्जा, वातानुकूलित प्रणाली, टक्कर रोधी-कवच, यात्री सुरक्षा उपाय और अग्निशमन उपाय में सुधार किया गया है तथा यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। वंदे भारत के शयनयान संस्करण में सोलह बोगियां और 883 सीटें होंगी।