मई 14, 2025 8:37 अपराह्न

printer

देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित की जा रही है ‘तिरंगा यात्रा’

पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में सफल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद भारतीय सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान का सम्मान करने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में ‘तिरंगा यात्रा’ आयोजित की जा रही है। भारतीय जनता पार्टी की कल शुरू की गई ग्‍यारह दिन की यात्रा का उद्देश्य नागरिकों, समुदायों और क्षेत्रों में राष्ट्रीय गौरव तथा एकता की भावना पैदा करना है।

 

    लद्दाख के लेह शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा की लद्दाख में इस यात्रा में तिरंगा लिए हुए बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

 

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ‘तिरंगा शौर्य यात्रा’ में आतंकवाद का समर्थन करने के लिए पाकिस्तान की आलोचना करते हुए कहा कि आतंकवाद उसे समाप्‍त कर देगा।

 

    महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक भव्य तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाई। श्री फड़णवीस ने कहा कि पहलगाम में आतंकी हमले का कड़ा जवाब देने की आवश्यकता थी, जो आतंकवादी ठिकानों पर सटीक हमले के माध्यम से दिया गया।

 

    उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे में एक भव्य तिरंगा रैली का नेतृत्व किया। इसमें कई शिवसेना और भाजपा नेताओं ने भाग लिया।

 

    तमिलनाडु में, तिरुवन्नामलाई जिले में व्यापारी संघ ने रैली का आयोजन किया। रैली में प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय ध्वज लहराया, नारे लगाए और सैनिकों के साहस को सलाम किया।

 

    बिहार की राजधानी पटना में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल के नेतृत्व में इस यात्रा में विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और बडी संख्‍या में नागरिकों ने भाग लिया।