अक्टूबर 5, 2024 8:10 अपराह्न

printer

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच कल हुई मुठभेड़ में मरने वाले माओवादियों की संख्या बढ़कर 31 हो गई

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच कल हुई मुठभेड़ में मरने वाले माओवादियों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। मारे गए सभी माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। दंतेवाड़ा में हुई एक पत्रकारवार्ता में बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने बताया कि नारायणपुर-दंतेवाड़ा की सीमा पर दक्षिण अबूझमाड़ इलाके में कल हुई मुठभेड़ में मारे गए इकतीस माओवादियों में से पन्द्रह की पहचान कर ली गई है। इन माओवादियों पर एक करोड़ तीस लाख रूपए का इनाम घोषित था। आईजी ने बताया कि मारे गए माओवादियों में तेरह महिला माओवादी भी शामिल हैं। घटनास्थल से एल.एम.जी रायफल, चार एके-फोर्टी सेवन, एस.एल.आर., इंसास और कैलिबर रायफल के अलावा कई अन्य हथियार बरामद किए गए हैं।

 

इस बीच, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुठभेड़ को लेकर बीती रात उच्च स्तरीय बैठक ली। श्री साय ने माओवादियों के खिलाफ सफल ऑपरेशन पर सुरक्षा बलों के शौर्य और अदम्य साहस की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।  श्री साय ने पुलिस महानिदेशक को माओवाद के खिलाफ ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जवानों के लिए जरूरी संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने बैठक में स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्त करने दृढ़ संकल्पित है।
वहीं, मुठभेड़ में घायल एक जवान को राजधानी रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपमुख्यमंत्री और गृहमंत्री विजय शर्मा ने बीती देर रात अस्पताल पहुंचकर घायल जवान का हालचाल जाना।