दिल्ली के साहित्य कला परिषद का वार्षिक नाट्य-महोत्सव ‘भरतमुनि रंग उत्सव 2024’ आज से शुरू हो गया है। यह महोत्सव मंडी हाउस के लिटिल थिएटर ग्रुप ऑडिटोरियम में 26 दिसंबर तक चलेगा। हमारे संवाददाता ने बताया कि इस महोत्सव में भारत के एकल और युगल नाटकों का मंचन होगा।
चार दिवसीय इस महोत्सव में रंगमंच की समृद्ध परंपरा को सम्मानित करते हुए, नामी नाटककारों, निर्देशकों और कलाकारों के नाटकों का मंचन किया जाएगा। महोत्सव के पहले दिन आज जाने-माने लेखकों के तीन नाटकों का मंचन किया गया।
इनमें सत्यजीत रे द्वारा लिखित और उत्पल झा द्वारा निर्देशित ‘असमंजस बाबू’, मुंशी प्रेमचंद द्वारा लिखित और दुर्गा शर्मा द्वारा निर्देशित ‘आखिरी हिला’ और अमूल सागर द्वारा लिखित और निर्देशित ‘धुंध’ शामिल हैं। इन नाटकों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसी कड़ी में कल प्रख्यात लेखक सआदत हसन मंटो की रचना इंतजार पर आधारित नाटक का मंचन किया जाएगा। इस महोत्सव में दर्शक 26 दिसम्बर तक रोजाना शाम पांच बजे से नाटकों का लुत्फ उठा सकते हैं। इस महोत्सव में आगंतुकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है।