चीन द्वारा वर्ष 2025 में अपने सैन्य खर्च में 7 दशमलव दो प्रतिशत की वृद्धि के बाद ताइवान ने चिंता व्यक्त की है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार ताइवान की मेनलैण्ड अफेयर काउंसिल ने कहा है कि चीनी सेना ताइवान के पास गश्त के साथ रक्षा खर्च में वृद्धि जारी रखे हुए है।
ताइवान, वियतनाम, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के समुद्री क्षेत्र में चीन के सैन्य अभ्यासों के कारण तनाव बढ़ गया है। परिषद ने कहा है कि सरकार किसी दबाव के आगे नहीं झुकेगी और वह राष्ट्रीय संप्रभुता तथा ताइवान की सुरक्षा के लिए कटिबद्ध है।
यह बयान चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग की उस टिप्पणी के बाद आया है, जिसमें कहा गया था कि चीन पुर्नएकीकरण में आगे बढ़ेगा और बाहरी हस्तक्षेप का दृढ़ता से विरोध करेगा।