दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक येओल ने देश में “आपातकालीन मार्शल लॉ” की घोषणा की है। उन्होंने इसे देश को उत्तर कोरिया की साम्यवादी ताकतों से बचाने और राज्य विरोधी तत्वों को खत्म करने के लिए एक आवश्यक उपाय बताया है। राष्ट्रपति ने अचानक देर रात को टेलीविजन पर अपने संबोधन में यह घोषणा की।
उन्होंने विपक्षी दलों पर सरकार को कमजोर करने, उत्तर कोरिया के साथ सहानुभूति रखने और देश की विधायी प्रक्रिया को पंगु बनाने का आरोप लगाया। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि क्या विशिष्ट उपाय किए जाएंगे।
उनकी यह घोषणा देश की राजनीतिक उथल-पुथल में नाटकीय वृद्धि का संकेत देती है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब राष्ट्रपति की पीपुल्स पावर पार्टी और मुख्य विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के बीच अगले साल के बजट विधेयक पर असहमति बनी हुई है।
कुछ महीने पहले, विपक्षी नेता ली जे-म्युंग ने मार्शल ला के दुरुपयोग के ऐतिहासिक उदाहरणों की ओर इशारा करते हुए चेतावनी दी थी कि यह देश को तानाशाही की ओर ले जा सकता है।