कर्नाटक के शॉन गांगुली ने भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम में 78वीं सीनियर राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप में 400 मीटर व्यक्तिगत मेडले में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने 4 मिनट 24.64 सेकंड का समय लिया। मध्य प्रदेश के अद्वैत 4 मिनट 26.90 सेकंड के साथ दूसरे और गुजरात के आर्यन नेहरा 4 मिनट 30.35 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
शॉन गांगुली ने यह नया मीट रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले आर्यन नेहरा के 2023 में हैदराबाद में 4 मिनट 25.62 सेकंड के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। गांगुली ने 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले में भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और साजन प्रकाश के 2023 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।
100 मीटर बैकस्ट्रोक में महाराष्ट्र के ऋषभ दास ने 56.13 सेकंड के साथ पहला स्थान प्राप्त किया जबकि उत्कर्ष पाटिल 56.29 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे। कर्नाटक के आकाश मणि 56.35 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इससे पहले, ऋषभ ने पुरुषों की 200 मीटर बैकस्ट्रोक में श्रीहरि नटराज के राष्ट्रीय मीट रिकॉर्ड को तोड़ते हुए विश्व चैंपियनशिप बी क्वालीफिकेशन का समय हासिल किया।
पुरुषों की 100 मीटर फ़्रीस्टाइल में, महाराष्ट्र के हीर गीतेश शाह ने 51.29 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक जीता। कर्नाटक के तनिष जॉर्ज मैथ्यू 51.30 सेकंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे और महाराष्ट्र के ऋषभ दास 51.43 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
रोहित बेनेडिक्शन ने भी 50 बटरफ्लाई में 24.11 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया और विश्व चैंपियनशिप क्वालीफाइंग समय हासिल किया।
कर्नाटक 41 पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर रहा। कर्नाटक ने 16 स्वर्ण, 11 रजत और 14 कांस्य जीते। कुल पदकों में से 10 स्वर्ण, चार रजत और पांच कांस्य पदकों के साथ महिला तैराकों ने अपनी श्रेष्ठता साबित की। तमिलनाडु आठ स्वर्ण और पांच रजत पदक और तीन कांस्य सहित कुल 16 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। महाराष्ट्र पांच स्वर्ण सहित 17 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।