भारतीय सेना के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय सेमिनार चाणक्य रक्षा संवाद का दूसरा संस्करण आज दिल्ली में संपन्न हो गया। दो दिन के इस कार्यक्रम में भारत की रणनीतिक दिशाओं और विकास संबंधी प्राथमिकताओं की समीक्षा करने के लिए भारत और विदेशों से नीति निर्माता, रणनीतिक विचारक, शिक्षाविद, रक्षाकर्मी, वैज्ञानिक और विषय विशेषज्ञ एक साथ आये। भारत, अमरीका, रूस, इज़राइल और श्रीलंका के प्रमुख वक्ताओं ने इस बात को रेखांकित किया कि सुरक्षा विकसित भारत @2047 की ओर भारत के विकास पथ को कैसे प्रभावित करती है।
दूसरे दिन आज भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अध्यक्ष डॉ. एस. सोमनाथ ने राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने में भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
संयुक्त राष्ट्र में भारत की पूर्व स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने बहुपक्षीय दुनिया को आकार देने में भारत की विकसित और प्रभावशाली भूमिका पर व्याख्यान दिया।