पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज नॉर्वे के ओस्लो में जापान के अंतरराष्ट्रीय मामलों के उप मंत्री टेराडा योशिमीची के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक में जापानी शिपयार्ड द्वारा निवेश, बंदरगाह डिजिटलीकरण और हरित बंदरगाह पहल पर सहयोग, अनुसंधान और विकास सहयोग में वृद्धि, मानव संसाधनों का कौशल विकास, जापान में भारतीय नाविकों के रोजगार सहित कई क्षेत्रों पर चर्चा हुई।
दोनों मंत्रियों ने अंडमान निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप द्वीप को स्मार्ट द्वीप में बदलने के लिए प्रौद्योगिकी, आपदा-प्रतिरोधी बुनियादी ढांचे और बढ़ी हुई कनेक्टिविटी के उपयोग पर भी चर्चा की।
द्वीप क्षेत्रों के विकास में जापान की समृद्ध विशेषज्ञता को स्वीकार करते हुए, श्री सोनोवाल ने कहा कि समुद्री क्षेत्र में जापान की विशेषज्ञता अत्यधिक मूल्यवान है। उन्होंने कहा कि वे अंडमान और निकोबार तथा लक्षद्वीप द्वीपसमूह में संयुक्त कार्य की संभावना देखते हैं, विशेष रूप से नवीकरणीय ऊर्जा, स्मार्ट मोबिलिटी सिस्टम तथा डिजिटल अवसंरचना की तैनाती में।
श्री योशिमिची ने कहा कि दोनों देशों के बीच बहुत घनिष्ठ संबंध हैं। उन्होंने कहा कि जापान भारत के साथ रेलवे अवसंरचना विकास में लगा हुआ है, लेकिन अब वह समुद्री क्षेत्र में भी गहरी रुचि रखता है।