जुलाई 2, 2025 1:10 अपराह्न

printer

रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन और फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने फोन पर की बात, आपसी सहयोग बढ़ाने पर की चर्चा

रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन और फ्रांस के राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ढाई वर्षों में पहली बार फोन पर बातचीत की। श्री मैक्रों ने यूक्रेन की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए फ्रांस के दृढ़ समर्थन की पुष्टि की। उन्‍होंने संघर्ष के स्‍थायी समाधान का मार्ग प्रशस्‍त करने के लिए संघर्ष विराम लागू करने का आग्रह किया।

 

इसके विपरीत रूस के राष्‍ट्रपति ने इस युद्ध को रूस की सुरक्षा चिंताओं की दीर्घकालिक पश्चिम की अवमानना पर आधारित बताया। श्री पुतिन ने कहा कि पश्चिमी देश यूक्रेन को रूस विरोधी गढ़ में बदलने का प्रयास कर रहे हैं।

 

क्रेमलिन के अनुसार दोनों नेताओं ने इस्राइल और ईरान के बीच बारह दिनों के संघर्ष की समाप्ति के सिर्फ एक सप्‍ताह बाद ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भी चर्चा की।

 

श्री मैक्रों ने क्षेत्रीय तनाव को कम करने के लिए रूस और फ्रांस के बीच सहयोग का प्रस्‍ताव किया। यह वार्ता लगभग दो घंटे चली। दोनों  नेता यूक्रेन और ईरान की स्थितियों पर बातचीत जारी रखने पर भी सहमत हुए।