उत्तरकाशी जिले में धराली-हर्षिल आपदा प्रभावित क्षेत्र में राहत और खोज अभियान तेजी से किया जा रहा है। आज हेली सेवाओं के फिर से शुरू होने पर राहत सामग्रियों को प्राथमिकता के आधार पर भेजा जा रहा है। शासन-प्रशासन की प्राथमिकता है कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं से लेकर पर्याप्त मात्रा में खाद्यान्न सामग्री सुनिश्चित की जा सके। प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राशन वितरण की प्रक्रिया भी गतिमान है। लोगों के घरों तक जाकर टीमों द्वारा लगातार राशन वितरण किया जा रहा है।
राहत शिविरों में भी चिकित्सा, खाने से लेकर रहने तक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्वयं सभी व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण कर रहे हैं। इस बीच धराली-हर्षिल में युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है और व्यवस्थाओं को पटरी पर लाने की प्रक्रिया लगातार जारी है। अभियान में सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला प्रशासन और अन्य एजेंसियां लगातार जुटी हुई हैं। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग को बहाल करने के लिए सीमा सड़क संगठन लगातार प्रयास कर रहा है।