नवम्बर 21, 2025 1:01 अपराह्न | #PrimeMinisterNarendraModi  #Johannesburg  #G-20summit

printer

जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जोहान्सबर्ग पहुंचेंगे प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी तीन दिन के जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आज जोहान्सबर्ग के लिए रवाना हो गए हैं। यह दक्षिण अफ्रीका की उनकी चौथी आधिकारिक यात्रा है।
 
 
इससे पहले श्री मोदी ने 2016, 2018 और 2023 में दो ब्रिक्स शिखर सम्मेलनों में भाग लिया था। जोहान्सबर्ग में हमारी संवाददाता ने बताया है कि वर्ष 2014 के बाद से यह 12वां जी-20 शिखर सम्‍मेलन होगा जिसमें प्रधानमंत्री मोदी भाग लेंगे।
 
 
यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि यह शिखर सम्मेलन प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर चर्चा का महत्‍वपूर्ण मंच है। श्री मोदी ने कहा कि वे शिखर सम्मेलन में वसुधैव कुटुम्बकम और एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य के अनुरूप भारत के दृष्टिकोण को प्रस्तुत करेंगे।
 
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सम्‍मेलन इसलिए भी महत्‍वपूर्ण है क्‍योंकि यह अफ्रीका में आयोजित होने वाला पहला जी20 शिखर सम्मेलन है। श्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2023 में भारत की अध्यक्षता में अफ्रीकी संघ जी-20 का सदस्य बना था।
 
 
सम्‍मेलन के इस वर्ष के विषय – एकजुटता, समानता और स्थिरता को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका ने दिल्ली और रियो डी जेनेरियो में आयोजित पिछले शिखर सम्मेलनों की विरासत को आगे बढ़ाया है।
 
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि वे भागीदार देशों के नेताओं के साथ बातचीत करने और जी20  सम्मेलन के दौरान आयोजित होने वाले छठे आईबीएसए शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में प्रवासी भारतीयों से भेंट करने को लेकर भी उत्सुक्ता व्यक्त की।