भारत और इथियोपिया के संबंधों को सामरिक स्तर तक विस्तार दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा में प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ वार्ता में इस पर सहमति व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इससे दोनों देशों के संबंधों को नई ऊर्जा और गति मिलेगी
दोनों देशों के बीच आठ समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। इनमें सीमा-शुल्क मामलों में सहयोग, इथियोपिया के विदेश मंत्रालय में डेटा सेंटर की स्थापना, संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षा अभियानों के प्रशिक्षण में सहयोग, जी20 के अंतर्गत ऋण समायोजन, आई.सी.सी.आर. छात्रवृत्ति में वृद्धि और इथियोपिया के लोगों के लिए यांत्रिक मेधा पाठ्यक्रम शामिल हैं।
इथियोपिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया से सम्मानित किया है। भारत और इथियोपिया के संबंधों को मजबूत करने और एक वैश्विक राजनेता के रूप में श्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के लिए उन्हें यह सम्मान इथियोपिया के प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली ने दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इथियोपिया विश्व की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक है और यह सम्मान प्राप्त करना उनके लिए गौरव की बात है। श्री मोदी ने यह पुरस्कार दोनों देशों के उन लोगों को समर्पित किया, जिन्होंने सदियों से द्विपक्षीय संबंधों को पोषित किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद एकजुटता दिखाने और आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक एकता को मजबूत करने के लिए इथियोपिया का धन्यवाद दिया।प्रधानमंत्री, आज इथियोपिया की संसद के सत्र को संबोधित करेंगे।