प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एक दिन के लिए अपने सोशल मीडिया एकाउंट का संचालन महिलाओं को सौंप दिया है। प्रधानमंत्री ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि आज सुबह से ही विशिष्ट महिलाओं द्वारा अपनी और अन्य महिलाओं के प्रेरक अनुभव साझा किये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न भागों की इन महिलाओं ने विविध क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त की है, जो देश की नारी शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इनके संकल्प और सफलताएं महिलाओं की असीम क्षमता का परिचय देती हैं। श्री मोदी ने कहा कि राष्ट्र विकसित भारत को आकार देने में महिलाओं के योगदान का आभारी है।
प्रधानमंत्री के सोशल मीडिया एकाउंट से डॉक्टर अंजलि अग्रवाल ने कहा कि वे बदलाव की लौ जलाने के लिए राष्ट्र का आह्वान करना चाहती हैं। डॉक्टर अग्रवाल समर्थ्यम सुगम्यता केन्द्र की संस्थापिका हैं। उन्होंने सभी से सुगम्य भारत को सशक्त करने और विकसित भारत की प्रेरक शक्ति बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि प्रत्येक महिला और प्रत्येक व्यक्ति सम्मान, गरिमा और स्वतंत्रता के साथ जीवन जी सके।
सामाजिक उद्यमी अजयिता शाह ने कहा कि महिलाओं को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने में भारत अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि वित्तीय रूप से सशक्त महिला पूरे आत्मविश्वास से निर्णय ले सकती है और अपने भविष्य के साथ-साथ आधुनिक भारत का निर्माण कर सकती है।
परमाणु वैज्ञानिक एलिना मिश्रा और अंतरिक्ष वैज्ञानिक शिल्पी सोनी ने कहा कि महिला दिवस पर प्रधानमंत्री का सोशल मीडिया एकाउंट संचालित करना रोमांचकारी अनुभव है। उन्होंने कहा कि भारत विज्ञान की प्रगति के लिए सर्वाधिक उपयुक्त स्थल है। उन्होंने महिलाओं से इस दिशा में आगे आने का आग्रह किया।