कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल का आज लातूर में निधन हो गया। वे 91 वर्ष के थे। श्री पाटिल ने आज सुबह साढ़े छह बजे अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
अपने लंबे राजनीतिक जीवन में श्री पाटिल ने लोकसभा अध्यक्ष और केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों सहित कई प्रमुख पदों पर कार्य किया। वे लातूर निर्वाचन क्षेत्र से सात बार लोकसभा के लिए चुने गए थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिडला ने पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि श्री पाटिल ने लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल और एक सांसद सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
इस बीच, सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री पाटिल एक अनुभवी नेता थे, जिन्होंने विधायक, सांसद, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उन्होंने कहा कि दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री समाज कल्याण में योगदान देने के लिए बेहद समर्पित थे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि श्री पाटिल का निधन देश के सार्वजनिक और संसदीय जीवन के लिए एक बड़ी क्षति है।
गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि श्री पाटिल सार्वजनिक मामलों के अपने व्यापक ज्ञान और कई दशकों तक समर्पित सेवा के लिए जाने जाते थे।
श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि श्री पाटिल एक कुशल नेता थे, जिन्होंने विभिन्न पदों पर देश की सेवा की और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
श्री नड्डा ने कहा कि श्री पाटिल का सार्वजनिक जीवन काफी लंबा रहा। उन्होंने कहा कि श्री पाटिल जनता की सेवा के लिए समर्पित थे और उन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वाह पूरी निष्ठा से किया।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पाटिल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें एक गरिमामय और सुसंस्कृत नेता बताया, जिन्होंने महाराष्ट्र के राजनीतिक मूल्यों को कायम रखा और उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाया।
पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद अशोक चव्हाण ने अपने शोक संदेश में कहा कि राज्य ने एक मार्गदर्शक पिता तुल्य व्यक्ति को खो दिया है। उन्होंने पाटिल को एक विद्वान और सशक्त नेता बताया। शिवराज पाटिल का अंतिम संस्कार कल सुबह 11 बजे महाराष्ट्र के लातूर में किया जाएगा।