मई 13, 2025 9:09 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम पर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नई दिल्ली में अपने आवास पर राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम पर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

 

    वर्ष 2024 में तपेदिक के रोगियों की शीघ्र पहचान और उपचार में हुई प्रगति की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री देश से तपेदिक को खत्म करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

 

    प्रधानमंत्री ने हाल ही में संपन्न 100 दिन तक चलाए गए तपेदिक मुक्त भारत अभियान की समीक्षा की। इस अभियान में उन चिन्हित जिलों को शामिल किया गया था। जिसमें 12 करोड़ 97 लाख संभावित रोगियों की जांच की गई। इनमें से  7 लाख 19 हजार तपेदिक के मामलों का पता चला।

 

    बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने शहरी या ग्रामीण क्षेत्रों और उनके व्यवसायों के आधार पर तपेदिक के रोगियों का पता लगाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इससे उन समूहों की पहचान करने में मदद मिलेगी जिन्हें शुरुआती जांच और उपचार की आवश्यकता है। उन्‍होंने इसके लिए विशेष रूप से निर्माण, खनन, कपड़ा मिलों और इसी तरह के क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों पर ध्‍यान दिए जाने की बात कही।

 

    प्रधानमंत्री ने तपेदिक उन्मूलन के लिए जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रत्येक रोगी तक उपचार की सुविधा पहुंचाना  सुनिश्चित किये जाने पर भी जोर दिया।

 

    बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. पी. के. मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।