स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जारी केंद्रीय कोष में पिछले दस वर्षों के दौरान 185 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। मिशन के तहत उपलब्धियों पर संवाददताओं को संबोधित करते हुए, श्री नड्डा ने कहा कि पिछले दस वर्षों में केंद्रीय कोष 18 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 33 हजार 433 करोड़ रुपये हो गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत का मातृ मृत्यु अनुपात, जो 1990 में प्रति एक लाख जीवित जन्म पर 556 था, वह 2020 में घटकर 97 हो गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने देश की शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय गिरावट के बारे में बताया कि यह 2000 के 89 प्रति हजार से घटकर 2020 में 28 हो गई। श्री नड्डा ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की वृद्धि पर भी प्रकाश डाला, जिनकी संख्या अब एक लाख 75 हजार से अधिक है, जबकि 2018 में इनकी संख्या केवल 17 हजार 149 थी।
एक प्रश्न के उत्तर में, स्वास्थ्य मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि सरकार स्वास्थ्य सेवा को प्राथमिकता देती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वित्त पोषण कोई चिंता का विषय नहीं है।