एस.आई.आर के बाद उत्तर प्रदेश की मसौदा मतदाता सूची में 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम नहीं मिले

निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण-एस.आई.आर के बाद उत्तर प्रदेश की मसौदा मतदाता सूची जारी कर दी है। उत्तर प्रदेश के मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिन्वा ने आज दोपहर लखनऊ में मीडिया को बताया कि मसौदा मतदाता सूची में 12 करोड़ 55 लाख 56 हजार 25 मतदाताओं के नाम हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा मतदाता सूची के 81 दशमलव तीन प्रतिशत मतदाताओं ने नई मसौदा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराया है। मौजूदा मतदाता सूची में कुल 15 करोड़ 44 लाख 30 हजार 92 मतदाता थे।
नई मसौदा मतदाता सूची में कुल दो करोड 89 लाख मतदाताओं के नाम नहीं मिले हैं। मृत मतदाताओं की संख्या 46 लाख से अधिक है।
दो करोड़ 17 लाख मतदाताओं के नाम बूथ स्‍तरीय अधिकारियों द्वारा की गयी एस.आई.आर प्रक्रिया के दौरान नहीं मिले। यह आंकड़ा मौजूदा मतदाता सूची का लगभग 14 प्रतिशत है। 25 लाख 47 हजार मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में एक से अधिक स्थानों पर पाए गए।
श्री नवदीप रिन्वा ने बताया कि दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 6 जनवरी से 6 फरवरी तक निर्धारित की गई है। 6 जनवरी से 27 फरवरी तक, नोटिस अवधि के दौरान, दावों और आपत्तियों पर निर्णय लिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 6 मार्च को किया जाएगा। इसके बाद, मतदाताओं को दावे और आपत्तियां प्रस्तुत करने के लिए एक महीने का समय मिलेगा।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला