केंद्रीय उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी के नेतृत्व में एक केंद्रीय दल की संयुक्त किसान मोर्चा और किसान मजदूर मोर्चे के नेताओं के साथ चंडीगढ़ में बैठक जारी है। बैठक में किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंधेर सहित 28 किसान नेता भाग ले रहे हैं।
इसमें पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडियन, वन मंत्री लाल चंद कटारूचक और मुख्य सचिव के.ए.पी सिन्हा भी उपस्थित हैं।
पत्र सूचना कार्यालय चंडीगढ़ के सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने सरकार की किसानों के कल्याण के लिए रचनात्मक संवाद और समाधान की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि मौजूदा वैश्विक चुनौतियों के बावजूद, भारत दुनिया में सबसे कम मूल्यों पर उर्वरक उपलब्ध करा रहा है।
श्री जोशी ने कहा कि भारत का उर्वरक आयात रूस और यूक्रेन पर बहुत अधिक निर्भर होने के कारण आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित होती है। बैठक का उद्देश्य प्रमुख कृषि मुद्दों का समाधान करना है।