पंजाब के कई जिलों, विशेषकर सीमावर्ती गुरदासपुर जिले में बाढ़ के कारण सैकड़ों गाँव प्रभावित हुए हैं। बाढ़ में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने के लिए बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। सेना, बीएसएफ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के साथ पंजाब पुलिस और स्वयंसेवकों ने अब तक बाढ़ प्रभावित इलाकों से 6,600 लोगों को निकाला है। बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
हेल्पलाइन नंबर 0181-224-00-64 प्रभावित लोगों के लिए 24 घंटे काम कर रहा है। राज्य में 830 से ज़्यादा गाँव प्रभावित हुए हैं। सबसे ज़्यादा 202 गाँव गुरदासपुर में और 107 गांव कपूरथला में प्रभावित हैं। अमृतसर, पठानकोट, फिरोजपुर, फाजिल्का, होशियारपुर समेत कुछ अन्य जिले भी प्रभावित हुए हैं। कपूरथला के एक गांव से निकाले गये लोगों में सौ वर्षीय बचन सिंह भी शामिल है। राज्य सरकार ने प्रभावित इलाकों और लोगों को हर संभव मदद सुनिश्चित की है। अमृतसर के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि प्रकृति के प्रकोप से पंजाब को भारी नुकसान हुआ है। राज्य मंत्रिमंडल और सभी विधायकों ने राज्य में बाढ़ राहत कार्यों के लिए अपना एक महीने का वेतन दान करने का फैसला किया है। मौसम विभाग ने राज्य में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।