महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने युवाओं, किसानों, महिलाओं और बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान देने पर केंद्रीय बजट की सराहना की है। इसे नवरत्न बजट कहते हुए, श्री शिंदे ने कहा कि बजट विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कृषि, कौशल विकास, सामाजिक न्याय, शहरी विकास, ऊर्जा संरक्षण, बुनियादी ढांचे के विकास, विनिर्माण और सेवा क्षेत्र और नई पीढ़ी के सुधारों पर केंद्रित है। श्री शिंदे ने कहा कि कर ढांचे में बदलाव से करदाताओं को महत्वपूर्ण राहत मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने भी बजट की सराहना करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के लिए की गई कई घोषणाओं से राज्य को लाभ होगा।
महाराष्ट्र में विपक्षी दलों ने दावा किया कि बजट में राज्य के लिए कुछ भी नहीं है। यह बिहार और आंध्र प्रदेश के लिए एक विशेष बजट है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र को पूरी तरह से इस बजट में नजरअंदाज कर दिया गया है जो कर भुगतान में सबसे अधिक योगदान देता है।
महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले ने कहा कि यह कुछ आकर्षक नारों वाला बजट है लेकिन कोई नीति और दूरदर्शिता नहीं है। राकांपा (शपा) नेता जयंत पाटिल ने कहा कि बजट में उम्मीद के अनुरूप कोई साहसिक घोषणा नहीं है।