जम्मू- कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, काल्मिकिया गणराज्य की राजधानी एलिस्टा में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी के बाद उन्हें भारत वापस लाने के लिए रूस में हैं। ये अवशेष गेडेन शेडुप चोइकोरलिंग मठ में स्थापित हैं, जिसे “शाक्यमुनि बुद्ध के स्वर्ण निवास” के नाम से जाना जाता है।
बुद्ध के पवित्र अवशेषों पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बातचीत में मनोज सिन्हा ने कहा कि काल्मिकिया में पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी ने भारत और रूस के बीच लोगों के आपसी संबंधों को और मज़बूत किया है। उन्होंने इस आयोजन को ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि यूरोप के एकमात्र बौद्ध समुदाय – कालमीक लोगों के लिए यह आस्था की ऐतिहासिक वापसी का प्रतीक है। मनोज सिन्हा के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल आज पवित्र अवशेषों के साथ स्वदेश वापस आएगा।