गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव बी. सी. जोशी के नेतृत्व में एक अंतर-मंत्रालयी केन्द्रीय दल बाढ़ की विनाशकारी स्थिति का जायजा लेने के लिए आज त्रिपुरा का दौरा करेगा। इस दल में कृषि, वित्त, जल शक्ति, ग्रामीण विकास तथा सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालयों के अधिकारी शामिल हैं।
त्रिपुरा के राजस्व सचिव ब्रजेश पांडेय ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित 72 हजार से अधिक लोगों ने राज्य के 492 राहत शिविरों में शरण ली है। इनमें से 50 हजार से अधिक लोगों ने गोमती जिले में लगाए गए अस्थाई शिविरों में शरण ली हुई है। जिला प्रशासन इन शिविरों में खाना, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं सहित राहत सामग्री का वितरण कर रहा है। श्री पांडेय ने कहा है कि गोमती और सिपाहीजाला जिलों में राज्य आपदा मोचन बल के छह दल और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के पांच दल राहत कार्य में जुटे हैं। इसके अलावा नागरिक रक्षा और आपदा मित्र के करीब 500 स्वयंसेवक भी राहत सामग्री वितरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ में अब तक 31 लोग जान गंवा चुके हैं जबकि दो व्यक्ति घायल हैं और एक लापता है।