मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

जनवरी 27, 2025 8:30 अपराह्न

printer

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली में वेव्स बाज़ार, वाह उस्ताद चैलेंज और वेव्स अवॉर्ड्स का शुभारंभ किया

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज नई दिल्ली में वेव्स बाज़ार, वाह उस्ताद चैलेंज और वेव्स अवार्ड्स का शुभारंभ किया। केंद्रीय मंत्रियों ने वेव्स 2025 के एक भाग के रूप में अंतर्राष्ट्रीय भागीदारी को आमंत्रित करते हुए ‘क्रिएट इन इंडिया चैलेंज’ सीज़न 1 का भी शुभारंभ किया।

 

    इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि भारत अपनी विरासत, समृद्ध संस्कृति और कहानी कहने की कला के लिए विश्व मंच पर बहुत महत्व प्राप्त कर रहा है।

 

उन्होंने कहा कि ऑरेंज इकोनॉमी के रूप में जानी जाने वाली भारतीय विरासत, कहानी कहने की परंपरा और समृद्ध संस्कृति को वैश्विक मंच पर प्रौद्योगिकी और अर्थव्यवस्था के समान महत्व प्राप्त हो रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भारत जल्द ही रचनात्मक अर्थव्यवस्था की राजधानी बन जाएगा।

 

उन्होंने आगे कहा कि आगामी वेव्स दुनिया का पहला ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन होगा। उन्होंने सभी रचनाकारों से इस अवसर का लाभ उठाने का आग्रह किया।

 

     इस अवसर पर संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि भारत कहानीकारों की भूमि है और आज शुरू की गई ये पहल भारत की सॉफ्ट पावर को दुनिया के बाकी हिस्सों तक पहुंचाएगी।

 

उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और विरासत को अब पूरी दुनिया में पहचाना जा रहा है, चाहे वह योग हो या आयुर्वेद। उन्होंने कहा कि भारत अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी और रक्षा के क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। श्री शेखावत ने इस बात पर जोर दिया कि भारत की संस्कृति ही देश की असली ताकत है। उन्होंने विश्वास जताया कि वेव्स इसका लाभ उठा पाएगी।

 

     इस अवसर पर सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू ने कहा कि वेव्स बाज़ार एक परिवर्तनकारी पहल है जो मीडिया से संबंधित सामग्री के खरीदारों और विक्रेताओं को एक साथ लाएगी।

 

उन्होंने कहा कि यह गतिशील मंच भौगोलिक सीमाओं को पाटने जा रहा है और सभी रचनाकारों को अपने उत्पाद पेश करने की अनुमति देगा। वाह उस्ताद एक अनूठा शास्त्रीय और अर्ध शास्त्रीय प्रतिभा खोज है। वेव्स अवॉर्ड्स के लिए नामांकन 15 फरवरी से शुरू होंगे।

 

    हमारे संवाददाता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन-वेव्स के लिए अपने दृष्टिकोण को रेखांकित किया है और भारत को दुनिया की रचनात्मक राजधानी बनाने की बात कही है।

 

भारत विविध सांस्कृतिक ताने-बाने और जीवंत क्रिएटर इकोसिस्टम के साथ फिल्मों का सबसे बड़ा निर्माता है। वेव्स शिल्प, रचनात्मकता, प्रतिभा और नवाचार का एक वैश्विक उत्सव होगा।