नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने कहा कि भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा विमानन बाजार बन गया है, जो देश के तेज़ आर्थिक विकास और बढ़ते संपर्क को दर्शाता है। उन्होंने नई दिल्ली में 44वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के मंडप का उद्घाटन करते हुए ये बातें कहीं। केन्द्रीय मंत्री नायडू ने बच्चों में नागरिक उड्डयन ज्ञान के संचार, तकनीकी समझ के विस्तार और भविष्य के लिए कुशल कार्यबल को प्रेरित करने पर बल दिया।
नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने कहा कि यह मंडप विमान संचालन को प्रदर्शित करता है और आगंतुकों, विशेषकर छात्रों, को विमानन प्रौद्योगिकी और वायुयान की जानकारी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि विमानन क्षेत्र का मज़बूत प्रदर्शन, आत्मनिर्भर और विकसित भारत की ओर भारत की यात्रा का एक प्रमुख चालक है। इसे देश भर में हवाई अड्डों के बुनियादी ढाँचे के निरंतर आधुनिकीकरण से सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के निरंतर प्रयासों से क्षेत्रीय मार्ग मज़बूत हुए हैं, यात्री सेवाओं में वृद्धि हुई है और परिचालन क्षमता में सुधार हुआ है।