भारत और चीन के सैनिकों ने पूर्वी लद्दाख क्षेत्र में वास्तिवक नियंत्रण रेखा पर गश्त शुरू कर दी है। सेना के सूत्रों के अनुसार डेमचोक क्षेत्र में गश्त शुरू हो गई है। दोनों देशों के सैनिकों के बीच अप्रैल 2020 में हुई झड़प के बाद इस क्षेत्र में गश्त बंद हो गई थी और करीब साढ़े चार वर्ष के बाद दोबारा शुरू हुई है। देप्सांग में भी सैनिकों की गश्त जल्द शुरू होगी।
पिछले महीने राजनयिक और सैन्य स्तर की वार्ताओं के बाद दोनों देशों के बीच सैनिकों को पीछे हटाने पर सहमति बन गई थी। कल दीपावली के अवसर पर भारत और चीन के सैनिकों ने चुशुल मोल्दो, दौलत बेग ओल्डी, हॉट स्प्रिंग, के.के पास और कोंगला सहित अनेक स्थानों पर मिठाइयों का आदान-प्रदान किया।
सैनिकों के पीछे हटने की प्रक्रिया पिछले महीने की 22 तारीख को शुरू हुई थी। दोनों सेनाओं ने देप्सांग और डेमचोक क्षेत्रों से अस्थायी टेंटों और संरचनाओं को हटा दिया था। योजना के अनुसार भारत और चीन दोनों ने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त से पहले एक-दूसरे को इसकी जानकारी देने पर सहमति व्यक्त की है।