प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए समर्पित है। उन्होंने महिलाओं के जीवन को बेहतर बनाने के लिए उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों पर प्रकाश डाला।
आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुजरात के नवसारी में आयोजित ‘लखपति दीदी सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत, महिला-नेतृत्व वाले विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार हर कदम पर महिलाओं की गरिमा और कल्याण को सर्वोच्च महत्व दे रही है। श्री मोदी ने कहा कि सरकार ने देश भर में हजारों शौचालय बनाए हैं। इससे महिलाओं के लिए बुनियादी स्वच्छता और निजिता सुनिश्चित हुई है, जिससे उनकी गरिमा बहाल हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण का झंडा समाज के सभी क्षेत्रों में लहरा रहा है, और भारतीय महिलाओं की शक्ति को अब विश्व स्तर पर मान्यता मिल रही है। उन्होंने देश के विकास में स्वयं सहायता समूहों की भूमिका की प्रशंसा की। श्री मोदी ने घोषणा की कि सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के प्रयासों के तहत अगले पांच वर्षों में तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
प्रधानमंत्री ने पिछले दशक में महिला सुरक्षा बढ़ाने में सरकार की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए बनाए गए नए आपराधिक कानूनों के कार्यान्वयन का उल्लेख किया।
श्री मोदी ने कहा कि हाल के वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने गुजरात के सहकारी मॉडल, विशेष रूप से राज्य के आर्थिक तथा सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण रही श्वेत क्रांति और महिलाओं के नेतृत्व वाली जल समितियों की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने लखपति दीदी सम्मेलन के दौरान 25 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को चार सौ 50 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता वितरित की। श्री मोदी ने पांच लखपति दीदियों को लखपति दीदी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने गुजरात सरकार की दो राज्य पहल – जी-सफल यानी आजीविका बढ़ाने के लिए अंत्योदय परिवारों के लिए गुजरात योजना और जी-मैत्री यानी ग्रामीण आय में परिवर्तन के लिए व्यक्तियों की गुजरात मेंटरशिप और त्वरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने नवसारी जिले में ‘लखपति दीदी’ योजना की दस लाभार्थियों के साथ बातचीत की। इस दौरान इन लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और नवसारी के सांसद सी. आर. पाटिल भी मौजूद थे।
प्रधानमंत्री ने देश भर में महिलाओं में उद्यमशीलता और वित्तीय सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए 2023 में लखपति दीदी योजना शुरू की थी। इसके तहत, कृषि, पशुपालन और छोटे उद्योगों जैसे विभिन्न स्रोतों से, कम से कम एक लाख रुपये की वार्षिक आय वाली, स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों को ‘लखपति दीदी’ के रूप में मान्यता दी जाती है। उन्हें सरकार से आर्थिक सहायता के साथ-साथ व्यावसायिक प्रशिक्षण भी मिलता है।
गुजरात में, लगभग डेढ लाख महिलाएँ अब ‘लखपति दीदी’ का दर्जा प्राप्त करते हुए एक लाख रुपये या उससे अधिक की वार्षिक आय अर्जित कर रही हैं।
श्री मोदी राज्य के दो दिन के दौरे पर कल गुजरात पहुंचे थे।