वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा है कि भारत अपनी पारदर्शी नीतियों, जीवंत लोकतंत्र और दीर्घकालिक संबंधों के कारण यूरोपीय संघ के अधिकांश देशों के लिए एक विश्वसनीय सहभागी है। आज नई दिल्ली में भारत-यूरोप व्यापार आदान-प्रदान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री प्रसाद ने कहा कि यह आदान-प्रदान भारत और यूरोपीय संघ के बीच अधिक तालमेल का मार्ग प्रशस्त करेगा। इससे व्यापार, निवेश और सामरिक सहयोग के अनेक नए रास्ते खुलेंगे।
उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि भारत और यूरोप में 21वीं सदी का व्यापार ढांचा बनाने की क्षमता है, जो आर्थिक लचीलापन, स्थिरता और डिजिटल परिवर्तन का समर्थन करता है। श्री प्रसाद ने यह भी कहा कि भारत विश्व में स्टार्टअप अर्थव्यवस्था का तीसरा सबसे बड़ा देश है, जिसमें लगभग एक लाख 50 हजार स्टार्टअप और सौ से अधिक यूनिकॉर्न शामिल हैं।