मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

जून 19, 2025 2:19 अपराह्न

printer

भारत और क्रोएशिया ने वैश्विक शांति, लोकतांत्रिक मूल्यों और सहयोग के विस्तार के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित किया

भारत और क्रोएशिया ने काफी समय से लंबित भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते-एफटीए  पर चर्चा की है। क्रोएशिया ने समझौते को शीघ्र अंतिम रूप देने के लिए अपना समर्थन दोहराया है और कहा है कि इससे भारत और यूरोपीय संघ दोनों को पारस्परिक लाभ होगा। क्रोएशिया में जागरेब के बैंस्की ड्वोरी में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच के साथ व्यापक प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। दोनों नेताओं ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते-एफटीए को शीघ्र अंतिम रूप दिए जाने की आशा व्यक्त की। इससे द्विपक्षीय व्यापार और लचीली आपूर्ति श्रृंखला को बढ़ावा मिलेगा। दोनों नेताओं ने इस बात पर भी सहमति व्यक्त की है कि यह समझौता व्यापार, निवेश और प्रौद्योगिकी सहयोग के लिए नए रास्ते खोलेगा। भारत ने यूरोपीय संघ के सदस्‍य के रूप में क्रोएशिया के निरंतर समर्थन की सराहना की। भारत और क्रोएशिया ने वैश्विक शांति, लोकतांत्रिक मूल्यों और सहयोग के विस्तार के लिए अपनी साझा प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।

 

दोनों देशों ने कृषि, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा ज़ागरेब में हिंदी के आई सी सी आर चेयर की स्थापना के लिए चार समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए।

 

भारत और क्रोएशिया ने संयुक्त प्रशिक्षण, सैन्य आदान-प्रदान और उद्योग-स्तरीय साझेदारी को शामिल करने के लिए दीर्घकालिक रक्षा सहयोग योजना तैयार करने का भी निर्णय लिया। श्री मोदी और श्री प्लेंकोविच ने द्विपक्षीय व्यापार को बढाने और लचीली, भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखलाओं का निर्माण करने पर सहमति व्यक्त की। सहयोग बढाने के लिए फार्मास्यूटिकल्स, कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी, स्वच्छ और डिजिटल प्रौद्योगिकियां, नवीकरणीय ऊर्जा और सेमीकंडक्‍टर जैसे नये क्षेत्रों की पहचान की गई। प्रधानमंत्री मोदी ने जहाज निर्माण, साईबर सुरक्षा और रक्षा के क्षेंत्र में बढते सहयोग पर भी प्रकाश डाला।

 

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान की जोरदार वकालत की और कहा कि यूरोप हो या एशिया, युद्ध के मैदान में समाधान नहीं खोजा जा सकता। उन्होंने कहा कि बातचीत और कूटनीति ही आगे बढ़ने का एकमात्र मार्ग है। आतंकवाद को मानवता का दुश्मन बताते हुए श्री मोदी ने हाल ही में पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत के साथ एकजुटता दिखाने के लिए क्रोएशिया के नेतृत्व और वहां के नागरिकों को धन्यवाद दिया।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, क्रोएशिया, कनाडा और साइप्रस की सफल यात्रा के बाद स्‍वदेश लौट आए हैं।