केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने शीर्ष सैन्य अधिकारियों के हवाले से कहा कि वायनाड में मंगलवार को हुए भूस्खलन से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में से एक मुंडक्कई में बचे सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। आज वायनाड में मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी भी कई लोग लापता हैं और मलबे के नीचे कई लोगों के दबे होने की आशंका है। उन्होंने सेना के राहत और बचाव कार्यों की सराहना की।
श्री विजयन ने कहा कि प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए कदम उठाए जाएंगे और सुनिश्चित किया जायेगा कि बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो। उन्होंने लोगों से क्षेत्र में संक्रामक रोगों के प्रकोप को रोकने के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ सहयोग करने का भी आग्रह किया।
श्री विजयन ने कहा कि एक मंत्रिमंडलीय उप-समिति राहत कार्यों के समन्वय के लिए वायनाड में शिविर लगाएगी। भूस्खलन में खोए विभिन्न रिकॉर्ड और प्रमाणपत्र फिर से जारी किये जाएंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने एक सर्वदलीय बैठक की। बाद में उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लिया।
इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज दोपहर भूस्खलन प्रभावित चूरलमला इलाके में पहुंचे। श्री गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी और पार्टी के अन्य नेता भी हैं।