एक फ्रांसीसी अदालत ने अति-दक्षिणपंथी नेता मरीन ले पेन पर यूरोपीय संघ के धन के गबन का दोषी पाकर उन्हें जेल की सजा सुनाई है और सार्वजनिक पद के लिए चुनाव लड़ने से रोक दिया है। पेरिस की अदालत ने फैसला सुनाया कि सुश्री ले पेन ने अपनी नेशनल रैली पार्टी के सदस्यों को भुगतान करने के लिए यूरोपीय संसद के 33 लाख डॉलर से अधिक के फंड का इस्तेमाल किया।
वर्तमान में फ्रांसीसी संसद की सदस्य श्रीमती ले पेन को उस समय यूरोपीय संसद के सदस्य रहे उनकी पार्टी के आठ अन्य लोगों के साथ दोषी पाया गया। सजा सुनाते हुए मुख्य न्यायाधीश ने घोषणा की कि राष्ट्रवादी राजनेता ले पेन को तुरंत प्रभाव से पांच वर्षों तक सार्वजनिक पद के लिए चुनाव लड़ने से रोका जाएगा।
न्यायाधीश ने, ले पेन को चार साल की जेल की सजा भी सुनाई, जिसमें से दो साल की सजा निलंबित रहेगी और बाकी दो साल हिरासत में रहने के बजाय इलेक्ट्रॉनिक टैग का इस्तेमाल करके काटे जाएंगे। उन्हें एक लाख आठ हजार डॉलर का जुर्माना भरने का भी आदेश दिया गया। जबकि उनकी पार्टी नेशनल रैली पर 21 लाख 60 हजार डॉलर का जुर्माना लगाया गया है।
यह फैसला श्रीमती ले पेन को 2027 के राष्ट्रपति चुनाव से बाहर करने का खतरा भी पैदा करता है, जिसमें वे वर्तमान में मतगणना के अनुसार सबसे आगे हैं। राष्ट्रवादी नेता के इस फैसले के खिलाफ अपील करने की उम्मीद है। इस कारण एक संभावित लंबी कानूनी लड़ाई की शुरुआत होगी।
मरीन ले पेन और कई एनआर सदस्यों पर 2004 से 2016 के बीच यूरोपीय संसद के धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया था। यह मामला इस आरोप के इर्द-गिर्द घूमता है कि जो धन संसदीय सहायकों के लिए निर्धारित था उसे पार्टी के कर्मचारियों के वेतन के लिए इस्तेमाल किया गया। जो कि यूरोपीय संघ के नियमों का उल्लंघन है।