केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा है कि भारत को वैश्विक स्तर तक ले जाने के लिए नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति की परिकल्पना की गई है। नई दिल्ली में आज दिल्ली विश्वविद्यालय के 101वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए श्री प्रधान ने जोर देकर कहा कि देशभर में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को लागू करके वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जा सकता है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि देश की 60 प्रतिशत से अधिक जनसंख्या युवाओं की है और इनमें से अधिकांश युवा कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएं।
श्री धर्मेन्द्र प्रधान ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू करने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में दिल्ली ज्ञान का एक प्रमुख केंद्र बन जाएगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में सीखे गए सामाजिक कौशल छात्रों के लिए भविष्य में बहुत लाभकारी होंगे।