उत्तर पश्चिम भारत में घने कोहरेके कारण अगले दो दिनों तक गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण कल तक उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
आकाशवाणी समाचार से बातचीत करते हुए मौसम विभाग की वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन ने कहा कि आज पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और ओलावृष्टि की आशंका है। डॉ. सेन ने कहा कि इस महीने की 14 तारीख तक सुबह और रात के दौरान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में घना कोहरा छाए रहने की भी संभावना है। कल तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, ओडिशा और पूर्वोत्तर में भी ऐसी ही स्थिति बने रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का भी अनुमान व्यक्त किया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में घने कोहरे की स्थिति के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। घने कोहरे के कारण कई ट्रेनों और उड़ानों की सेवाएं बाधित हो गई हैं। दिल्ली आने वाली करीब 26 ट्रेनें नौ से दस घंटे तक की देरी से चल रही हैं। इस बीच, दिल्ली हवाई अड्डे ने कहा है कि हवाई अड्डे पर कम दृश्यता की प्रक्रिया अभी भी जारी है। हालांकि, उड़ान परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा है। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे बोर्डिंग से पहले अपनी ट्रेनों और उड़ानों की नवीनतम स्थिति की जांच कर लें।