मई 23, 2025 8:23 अपराह्न

printer

डॉ. जितेंद्र सिंह ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार में केंद्र और राज्य सरकारों के सहयोग को और सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया

केन्‍द्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार में केंद्र और राज्य सरकारों के सहयोग को और सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया। डॉ. सिंह ने नई दिल्ली में राज्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी परिषदों की वार्षिक समीक्षा बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए, प्रौद्योगिकी को परिवर्तन का इंजन बताया।

 

इस दौरान केन्‍द्रीय मंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में देश के नवाचार एजेंडे को आगे बढ़ाने में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का विजन उसके राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के विकास से अविभाज्य है। डॉ. सिंह ने उनसे नवाचार के रणनीतिक, समावेशी और गतिशील केंद्रों के रूप में विकसित होने का भी आह्वान किया।

 

उन्‍होंने देश भर में बौद्धिक संपदा अधिकारों के बारे में जागरूकता और सुविधा को बढ़ावा देने के लिए एक प्रमुख संसाधन के रूप में 23 पेटेंट सूचना केन्‍द्रों के नेटवर्क का भी उल्‍लेख किया, जो एक मजबूत नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में उनके महत्व को पुष्ट करता है।