मोबाइल ऐप्प
डाउनलोड करें

android apple
signal

जनवरी 31, 2025 9:03 अपराह्न

printer

दिल्ली के तेजी से विकास के लिए डबल इंजन की सरकार जरूरीः नरेंद्र मोदी

प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा है कि राजधानी दिल्ली के तेजी से विकास के लिए डबल इंजन की सरकार जरूरी है। श्री मोदी ने आज नई दिल्ली के द्वारका में एक जनसभा में कहा कि दिल्ली के लोग ऐसी सरकार चाहते हैं, जो गरीबों के लिए घर बनाने, दिल्ली को आधुनिक बनाने और हर घर नल से जल पहुंचाने जैसी आकांक्षाओं को पूरा कर सकें। उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार पर भ्रष्टाचार और दूसरे राज्यों में चुनाव लड़ने के लिए लोगों को लूटने का आरोप लगाया।

 

श्री मोदी ने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आई तो दिल्ली सिर्फ राजधानियों के लिए ही नहीं बल्कि ग्रामीण इलाकों के लिए भी एक मॉडल बनेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा की पहली बैठक में मौजूदा सरकार के भ्रष्‍टाचार के बारे में सीएजी की रिपोर्ट पेश की जाएगी। उन्होंने दिल्ली सरकार पर केंद्र और अन्य राज्य सरकारों से लड़ने का भी आरोप लगाया।

 

    प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि भाजपा द्वारा लोगों से किए गए वादे समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे और यह मोदी की गारंटी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पिछले 11 वर्षों के सभी लंबित कार्य पूरे किये जायेंगे। श्री मोदी ने यमुना नदी में प्रदूषण पर आम आदमी पार्टी के बयानों की आलोचना करते हुए आरोपों को बेबुनियाद बताया।

 

   दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि दिल्ली में 18 सदस्यों के एक परिवार ने राष्ट्रीय राजधानी में आप सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर प्रति माह 50 हजार रुपये की बचत की। गांधी नगर में प्रचार के दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्‍होंने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा शुरू की गई सभी कल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी जाएंगी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रोहतास नगर विधानसभा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी के लिए रोड शो किया।

 

इस बीच, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने नई दिल्ली के नांगलोई जाट में रोड शो किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आज मादीपुर निर्वाचन क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने यमुना मुद्दे पर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा और भाजपा पर लोगों के बीच नफरत फैलाने का आरोप लगाया।

 

इसके अलावा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा के लिए प्रचार किया।