दिल्ली जल बोर्ड के सोनिया विहार, भागीरथी और वजीराबाद स्थित जल संयंत्र, पूरी क्षमता के साथ काम कर रहे हैं। यहां से जल शोधन के बाद कुछ इलाकों को छोड़कर, शहर भर में पानी की आपूर्ति भी पर्याप्त मात्रा में की जा रही है। यमुना नदी में पिछले दिनों अमोनिया की मात्रा बढ़ जाने से शहर में पेयजल की जलापूर्ति प्रभावित हुई थी।
जल बोर्ड ने बताया है कि सभी संयंत्रों को पूरी क्षमता के साथ चलाया जा रहा है और शहर में पेयजल जलापूर्ति जारी है। वहीं बीते कुछ दिनों पहले यमुना के जल में अमोनिया की मात्रा बढ़ जाने से जल संयंत्रों में जल शोधन प्रभावित हुआ था। जल बोर्ड ने यह भी बताया कि बीते कई दिनों में जलापूर्ति की पाइपलाइनों के मरम्मत के कारण शहर के कई इलाकों में पानी की कमी भी देखी जा रही है। नरायणा इलाके में राजौरी गार्डन मेट्रो स्टेशन के पास पानी की नई पाइपलाइन को जोड़ने के चलते आज सुबह दस बजे से रात दस बजे तक राजधानी के कुछ क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित है। जिन इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित है उनमें इंद्रपुरी, मायापुरी, नरायणा गांव, नरायणा विहार, मानसरोवर गार्डन, रमेश नगर, एच एम पी कॉलोनी और कीर्ति नगर के कुछ क्षेत्र शामिल हैं।