अरुणाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र आज शुरू हो गया। आठवीं विधानसभा का यह चौथा सत्र है, इसमें 5 बैठकें होंगी। सदन की कार्यवाही राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल केटी परनायक के संबोधन के साथ हुई।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 का बजट न केवल अगले वर्ष के लिए राज्य के विकास की रणनीतिक दिशा निर्धारित करेगा, बल्कि 2047 तक विकसित अरुणाचल के निर्माण के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक खाका और कार्य योजना तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि रणनीतिक आवंटन के माध्यम से, सरकार का लक्ष्य राज्य की बहुमुखी जरूरतों को पूरा करना और समावेशी तथा सतत विकास को बढ़ावा देना है।
राज्यपाल ने कहा कि महत्वपूर्ण क्षेत्रों को प्राथमिकता देकर अरुणाचल प्रदेश में परिवर्तनकारी युग के लिए मंच तैयार करना है। साथ ही, यह सुनिश्चित करना है कि विकास का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचे।
आज राज्य विधानसभा में चार विधेयक पेश किए गए, इनमें अरुणाचल प्रदेश माल और सेवा कर (संशोधन) विधेयक 2025, अरुणाचल प्रदेश अरुण परिवार पत्र प्राधिकरण विधेयक 2025, अरुणाचल प्रदेश सार्वजनिक परिसर (अनधिकृत अधिभोगियों की बेदखली) (संशोधन) विधेयक 2025 और अरुणाचल प्रदेश बाढ़ मैदान क्षेत्रीकरण विधेयक, 2025 शामिल हैं। पांच दिवसीय विधानसभा सत्र 12 मार्च को समाप्त होगा।