भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक में धर्म के आधार पर आरक्षण लागू करने के कांग्रेस सरकार के निर्णय की कड़ी आलोचना की है। कर्नाटक से पार्टी सांसद तेजस्वी सूर्या ने नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में इस कदम को असंवैधानिक बताया।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय भारतीय संविधान के मुख्य निर्माता बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की सोच के विपरीत है। श्री सूर्या ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने धर्म के आधार पर आरक्षण का कड़ा विरोध किया था और इसे राष्ट्र के लिए घातक बताया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह फैसला कांग्रेस पार्टी की वोट बैंक की राजनीति से प्रेरित है। श्री सूर्या ने कहा कि भाजपा इसे अदालत में चुनौती देगी और इसका विरोध करेगी।